Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 21 दिन से लगातार चल रही लू:42 साल का रिकॉर्ड टूटा, आज कई जिलों में बूंदाबांदी के आसार, तापमान नहीं बदलेगा

हरियाणा में नौतपा चाहे खत्म हो गया है, लेकिन भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। राजस्थान की तरफ से आने वाली पश्चिमी हवाओं के कारण सिरसा लगातार देश में चौथे दिन सबसे गर्म रहा। सिरसा और राजस्थान के गंगानगर में 45.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

वहीं लू ने प्रदेश में 42 साल का रिकॉर्ड तोड़कर नया रिकॉर्ड बनाया है। साल 1982 में लगातार 19 दिन लू चली थी। इस बार 21 दिन पार हो गए हैं।

जून महीने में भी गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। IMD के अनुसार, आज प्रदेश के कई जिलों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने के असार हैं, लेकिन दिन के तापमान में ज्यादा गिरावट आने की संभावना नहीं है।

वैसे भी 2 दिन पहले एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर आज रात से कम हो जाएगा, इस वजह से मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा। इससे दिन के तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। रात के तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 2 दिन बाद फिर से बदलाव के आसार हैं। 5 से 6 जून को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे 6 जून को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है । वहीं, जून में प्रदेश में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ सकती है। हालांकि, मई में भी सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ी है। जून में भी लू चलने की संभावना जताई गई है।

Exit mobile version