रोहतक में अवैध रूप से गर्भपात कराने के मामलों पर हेल्थ विभाग और जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत विभाग अवैध गर्भपात करने वाले क्लीनिकों और अस्पतालों पर छापेमारी कर रहा है और डॉक्टरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में हेल्थ विभाग और एफडीए विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिसार बाईपास के पास शास्त्री नगर में चल रहे बलहारा आयुर्वेदिक एंड मॉडर्न क्लिनिक पर छापा मारा।
यहां एक BAMS दंपत्ति को गर्भपात की दवाई देते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। टीम ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक, यह क्लीनिक बिना अनुमति के गर्भपात जैसी गंभीर प्रक्रिया को अंजाम दे रहा था।
सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र आर्य को गुप्त सूचना मिली कि शास्त्री नगर में अवैध रूप से गर्भपात करने की दवाई दी जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करने के लिए टीम गठित की गई, जिसमें डॉ. विश्वजीत राठी जिला नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी, मनदीप मान ड्रग कंट्रोलिंग अधिकारी व रणजीत सिंह रहे। टीम ने छापा मारते हुए बीएएमएस दंपत्ति को काबू किया।
जिला नोडल अधिकारी पीसीपीएनडीटी डॉ. विश्वजीत राठी ने बताया कि क्लिनिक में अवैध गर्भपात करने के लिए डॉ. गरिमा बलहारा व डॉ. योगेश बलहारा के खिलाफ एमटीपी एक्ट, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट तथा बीएनएस एक्ट के तहत सिटी थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई। सिटी थाना पुलिस ने डॉक्टर दंपत्ति को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी।

