Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में बच्चियों से छेड़छाड़ में अरेस्ट हैडमास्टर सस्पेंड:कक्षा 2 से चौथी की 10 छात्राओं ने खोली पोल; कोर्ट में पेशी आज

हरियाणा में करनाल के असंध खंड के जींद रोड स्थित सरकारी स्कूल के हेड मास्टर दयानंद काे शिक्षा विभाग ने सस्पेंड कर दिया है। स्कूल में दूसरी से चौथी कक्षा तक की 10 छात्राओं ने हैड मास्टर के खिलाफ छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने उसको शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। आज उसको कोर्ट में पेश किया जाएगा।

मामला उजागर होते ही जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी करनाल ने तत्काल प्रभाव से हैड मास्टर को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

प्राथमिक शिक्षा अधिकारी करनाल ने आरोपी हेड मास्टर दयानंद को हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम 2016 के तहत सस्पेंड किया गया। आदेश के अनुसार, निलंबन की अवधि में आरोपी को जीवन निर्वाह भत्ता (सब्सिस्टेंस अलाउंस) नियम 83 के तहत मिलेगा। उसका मुख्यालय करनाल स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तय किया गया है। वह बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के कहीं नहीं जा सकेगा।

पूरी घटना की शुरुआत 18 अगस्त से हुई। उस दिन आधी छुट्टी के समय एक छात्रा क्लास में टिफिन रखने गई थी। तभी हेड मास्टर ने उसके साथ गलत हरकत की। बच्ची करीब ढाई महीने बाद स्कूल आई थी और डर के कारण घर जाकर तुरंत कुछ नहीं बता सकी। लेकिन 20 अगस्त को उसने सारी सच्चाई अपनी मां को बता दी। बच्ची की मां उसी दिन स्कूल पहुंची और आरोपी से झगड़ा किया। इसके बाद परिजनों ने असंध महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई

डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि आरोपी हेड मास्टर दयानंद जींद जिले के अलेवा गांव का रहने वाला है। जब वह इस स्कूल में पहली बार आया था तब भी उसने इसी तरह की हरकत की थी। उस समय मामले को समझौते से दबा दिया गया था, लेकिन इस बार मामला गंभीर है और इसे दबाया नहीं जा सकता।

पुलिस अधिकारियों ने जानकारी दी कि आरोपी की पत्नी कैंसर पीड़ित थी और कुछ समय पहले उसकी मौत हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद से ही आरोपी का व्यवहार बिगड़ गया और वह लगातार छात्राओं से गलत हरकतें करता रहा। बच्चियां डर के कारण चुप रहीं, लेकिन अब मामला सामने आने के बाद सभी सच बाहर आ गए हैं।

डीएसपी गोरखपाल राणा का कहना है कि केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा। ऐसा इसलिए ताकि लंबी कानूनी प्रक्रिया में बच्चियों और उनके परिवारों को बार-बार परेशान न होना पड़े और जल्द से जल्द न्याय मिल सके। आरोपी टीचर को गिरफ्तार कर लिया है। आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Exit mobile version