Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

ट्रेन की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल नरमेल सिंह की मौत…मानसिक तनाव से जूझ रहा था

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। शाहाबाद के जलेबी पुल के पास रेलवे लाइन के किनारे उसका शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव से कुछ दूरी पर खड़ी बाइक के आधार पर मृतक की पहचान की गई।

मृतक की पहचान अंबाला जिले के सोंटी गांव निवासी नरमेल सिंह (38) के रूप में हुई है। वह थाना झांसा के अंतर्गत ERV (डायल-112) पर तैनात थे। नरमेल सिंह वर्ष 2011 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे और अपनी सेवा का अधिकांश समय गुप्तचर विभाग (CID) में दिया। वर्ष 2024 में उनकी ड्यूटी जिला कुरुक्षेत्र में लगाई गई थी।

परिजनों के अनुसार, नरमेल सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। चचेरे भाई सुरेश पाल ने बताया कि 19 अप्रैल को उन्हें अंबाला शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं थी और लगातार बिगड़ रही थी। 23 अप्रैल को वह बिना डिस्चार्ज लिए ही अस्पताल से घर लौट आए थे।

परिजनों ने बताया कि 24 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी बाइक लेकर घर से निकले थे। करीब 10 बजे GRP से सूचना मिली कि एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। मौके पर पहुंचने पर बाइक (HR01AR7495) के जरिए उनकी पहचान हुई।

परिवार के अनुसार, करीब एक साल पहले उनकी मां का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे। फिलहाल GRP मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version