Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बातचीत के बहाने बुलाया, सिगरेट मांगी और फिर पेट में घोंपा चाकू…गर्लफ्रैंड को लेकर हुआ था विवाद

हरियाणा के हांसी में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात में जॉकी शोरूम के मैनेजर सूरज जैन (24) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना एनएच-10 मार्केट की है, जहां रात करीब 9 बजे कुछ युवकों ने पहले सूरज को बातचीत के बहाने बाहर बुलाया और फिर उस पर हमला कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे गर्लफ्रेंड को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सूरज की हाल ही में एक युवती से दोस्ती हुई थी, जो पहले आरोपियों में से एक के साथ रिश्ते में रह चुकी थी। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार रात करीब 8 बजे चार युवक काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर मार्केट पहुंचे। वे सूरज के परिचित बताए जा रहे हैं। पहले उनके बीच बातचीत हुई, लेकिन कुछ देर बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक सूरज से सामान्य बातचीत करता है और उससे सिगरेट भी मांगता है, ताकि किसी को शक न हो।

कुछ मिनट बाद दूसरा युवक सूरज को थप्पड़ और लात मारते हुए थोड़ी दूरी पर ले जाता है। इसके बाद उसने अपनी पैंट की जेब से चाकू निकाला और सूरज के पेट में घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल सूरज जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत हांसी के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक सूरज जैन प्रसिद्ध वकील रहे ओपी जैन का पोता था। उसके पिता रोहित जैन वर्तमान में हिसार के मॉडल टाउन क्षेत्र में किराए के मकान में रहते हैं। परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा था।

हांसी सदर थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे। किसी बात को लेकर उनका विवाद हुआ, जिसके बाद सूरज पर हमला कर दिया गया। मामले की जांच जारी है।

वहीं हांसी डीएसपी क्राइम रविंद्र सांगवान ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एक आरोपी की पहचान हिसार के आजाद नगर निवासी साहिल बामल के रूप में सामने आई है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

Exit mobile version