हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जुलाई-2025 में आयोजित सेकेंडरी (10वीं) कंपार्टमेंट, अंक सुधार और पूर्ण विषयों की परीक्षा का परिणाम आज घोषित कर दिया गया। परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है। परीक्षा में कुल 45.15 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। प्रदेशभर में 32 परीक्षा केंद्रों पर 5 से 14 जुलाई तक आयोजित इस परीक्षा में 10,811 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए थे।

बोर्ड अध्यक्ष प्रो. पवन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कुल परीक्षार्थियों में से 4,881 उत्तीर्ण हुए, 5,576 की कंपार्टमेंट आई और 355 अनुत्तीर्ण रहे। परीक्षा में 6,768 छात्रों में से 2,957 (43.69%) तथा 4,043 छात्राओं में से 1,924 (47.59%) उत्तीर्ण हुए। छात्राओं ने छात्रों से 3.9 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया। जिलावार परिणाम में फरीदाबाद 58.18 प्रतिशत के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि अंबाला 27.59 प्रतिशत के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत बोर्ड अब प्रत्येक शैक्षिक वर्ष में दो बार सेकेंडरी परीक्षा आयोजित कर रहा है। इस परीक्षा में उन विद्यार्थियों को मौका दिया गया, जिनका मार्च-2025 में Essential Repeat/Eligible for improvement of Performance रहा था या जिन्हें अंक सुधार करना था अथवा जो किन्हीं कारणों से परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए थे।

परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थी घोषणा तिथि से 20 दिन के भीतर निर्धारित शुल्क जमा कर उत्तरपुस्तिका की पुन:जांच या पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!