Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आंधी-तूफान के साथ बारिश का कहर: पेड़ और बिजली के खंभे गिरे, सड़कें बाधित; कुरुक्षेत्र में छत ढही, टोहाना में कार दबी, 10 जिलों में अलर्ट

हरियाणा में गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात मौसम ने अचानक करवट ली। कई जिलों में तेज आंधी, तूफान और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। फतेहाबाद में कई मार्गों पर पेड़ गिरने से सड़कें जाम हो गईं, जबकि टोहाना में करीब 10 फीट ऊंची दीवार एक कार पर गिर गई। वहीं, कुरुक्षेत्र में एक मकान की छत ढहने से एक व्यक्ति मलबे में दब गया।

इससे पहले सिरसा, सोनीपत, पानीपत, अंबाला और यमुनानगर में भी तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के सभी 22 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश में तेज आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की स्थिति बनी हुई है। 13 जून से मौसम में आंशिक सुधार की उम्मीद है, जबकि पूरी तरह मौसम साफ होने की संभावना 15 जून के बाद जताई गई है।

13 जून को मौसम थोड़ा साफ रहेगा। उत्तर पूर्वी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और दक्षिणी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। हालांकि, पश्चिमी और मध्य हरियाणा के लगभग 15 जिलों हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी में येलो अलर्ट रहेगा। यहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें गिर सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 14 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और महेंद्रगढ़ में येलो अलर्ट रहेगा। बाकी पूरे हरियाणा में पूरी तरह साफ रहेगा। 15 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद के कुछ इलाकों में आंधी-बारिश का मामूली असर दिख सकता है, जबकि दक्षिणी और पूर्वी हरियाणा में मौसम साफ रहेगा।

हरियाणा में पिछले 24 घंटों के दौरान औसत अधिकतम तापमान में 3.8°C की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को हीटवेव से राहत मिली है। राज्य में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 45.0°C दर्ज किया गया, जबकि रोहतक में पारा 44.5°C और फरीदाबाद में 44.2°C रहा। वहीं अंबाला में तापमान 35.0°C पर आ गया। अंबाला में दिन के तापमान में 7.9°C की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई।

प्रदेश में रात के तापमान में भी 0.4°C की मामूली गिरावट आई है, जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। राज्य में सबसे ठंडी रात अंबाला में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 21.4°C तक रहा, जो सामान्य से 4.2°C कम है। अंबाला में पिछले 24 घंटे में 7.0 मिमी बारिश भी हुई। इसके उलट, हिसार में रात का तापमान सबसे अधिक 32.5°C रहा, जो सामान्य से 5.1°C अधिक है। रोहतक में न्यूनतम तापमान 31.2°C दर्ज किया गया।

Exit mobile version