Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को चचेरी बहन की शादी में जान से मारने की धमकी, कुछ युवकों ने की हाथापाई; हथियार भी निकाले

जुलाना थाना पुलिस ने चचेरी बहन की शादी में कुछ युवकों द्वारा गायक मासूम शर्मा के साथ हाथापाई करने, धमकी देने व उसके भतीजे के साथ मारपीट करने पर एक युवक को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव ब्राह्मण निवासी विकास ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि छह जुलाई रात को उसकी चचेरी बहन की शादी का कार्यक्रम जुलाना की अग्रसैन धर्मशाला में किया गया था। उनका पूरा परिवार शादी में था। उसका छोटा भाई मासूम शर्मा अपनी बहन प्रिया से मिलने के लिए उसके कमरे में गया था। उसके बगल वाले कमरे में कुछ युवक शराब पी रहे थे। उनके पास हथियार भी थे। युवकों ने मासूम शर्मा को गाली देकर आवाज लगाई।

मासूम के सुरक्षा गार्ड ने युवकों को रोकने की कोशिश की। युवकों ने अपने हथियार निकाल लिए और हाथापाई करने लगे। मासूम शर्मा किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब हो गया। आरोपितों ने मासूम शर्मा को धमकी भी दी। इसके बाद वहां पर मौजूद उसके बेटे लक्ष्य के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोपितों में एक युवक कार्तिक भी था। विकास ने कहा कि आरोपित किसी बड़ी गैंग से संबंध रखते हैं। उन्होंने तीन दिन में मासूम शर्मा को मारने की धमकी भी दी है। जुलाना थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने कहा कि कार्तिक नामक युवक को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version