मशहूर हरियाणवी मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। इसके बाद लाश को नहर में फेंक दिया गया। वह 2 दिन पहले पानीपत स्थित अपने घर से एल्बम की शूटिंग के लिए निकली थी। सोमवार सुबह शीतल की लाश सोनीपत में खरखौदा की रिलायंस नहर से मिली। हाथ और छाती पर बने टैटू से शीतल की पहचान हुई। शीतल की बहन नेहा ने कहा कि शनिवार (14 जून) को उसने वीडियो कॉल की थी। जिसमें शीतल ने कहा कि उसका बॉयफ्रेंड उसे पीट रहा है। वह उसे जबरन साथ ले जाने की कोशिश कर रहा है।

इसके बाद कॉल कट गई। अब उसकी लाश मिली है। इससे पहले शीतल के बॉयफ्रेंड सुनील की कार भी रविवार सुबह पानीपत में दिल्ली पैरलल नहर में पड़ी मिली थी। जिसमें से उसे लोगों ने निकाल लिया। हालांकि शीतल उस कार में नहीं थी। निजी अस्पताल में उपचाराधीन आरोपी सुनील को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

नेहा ने बताया कि शीतल उसके ही साथ रहती थी। वह हरियाणवी एल्बम में बतौर मॉडल का काम करती थी। 14 जून को गांव अहर में शूटिंग के लिए गई थी। जहां से वह वापस नहीं आई। इसके बारे में पता किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया।

नेहा ने बताया कि करीब 6 माह पहले से ही शीतल शूटिंग करने लगी थी। उसने कई गानों में शूटिंग की है। वह इसराना के रहने वाले सुनील के करनाल के मॉडल टाउन में स्थित होटल सुकून में काम करती थी। इसी दौरान उसने शूटिंग भी करनी शुरू की थी। होटल में काम करने के दौरान ही सुनील ने शीतल के साथ दोस्ती की थी।

नेहा ने बताया कि इसके बाद सुनील उससे शादी करने की बात कहने लगा। इस बीच शीतल को पता चला कि सुनील पहले से ही शादीशुदा है और उसके 2 बच्चे हैं। इसके बाद शीतल ने उसे मना कर दिया और वहां काम भी करना बंद कर दिया, लेकिन सुनील ने उसका पीछा नहीं छोड़ा।

नेहा ने बताया कि 14 जून की रात डेढ़ बजे शीतल ने उससे वॉट्सऐप पर वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की थी। इस दौरान उसने बताया था कि वह काम से निकल रही है और घर आ रही है। सुनील यहां भी पहुंच गया है और उसने उसके साथ मारपीट भी की है। उसकी गर्दन पर चोट भी मारी है। वह उसे जबरन उसके साथ चलने के बारे में कह रहा है।

हालांकि शीतल ने कुछ ही देर में घर पहुंचने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद से उससे संपर्क टूट गया। रविवार को कार नहर में मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद कहानी का पता लगा। आरोपी सुनील अभी पानीपत के सिवाह बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती है। जानकारी के मुताबिक सुनील बहुत अच्छा तैराक है। उसने ये सब साजिश के तहत ही किया है। वह तेज रफ्तार से कार को नहर में लेकर गया। जिसके बाद वह खुद कुछ ही देर बाद बाहर निकल आया था। जबकि मॉडल नहर में लापता हो गई थी। सुनील की हालत सामान्य है, लेकिन वह भर्ती होने के लिए अचेत होने का लगातार नाटक कर रहा है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!