Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणवी बहू ने KBC में जीते ₹5 लाख:मां के ताने ने बदली जिंदगी, अमिताभ बच्चन ने खुद अपने हाथों से परोसी चाय

हरियाणा के सोनीपत की बहू आशा धीरयान ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ सीजन 17 में अपनी बुद्धिमत्ता और हिम्मत से 5 लाख रुपये जीते. खेल के दौरान उन्हें वह पल भी मिला, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना की थी अमिताभ बच्चन ने खुद अपने हाथों से उन्हें चाय परोसी.

आशा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा की रहने वाली हैं. 2015 में उनकी शादी सोनीपत जिले के गांव मोई माजरी निवासी विनोद धीरयान से हुई. वह अपने पति, दो बच्चों और मां के साथ सोनीपत शहर में किराए के मकान पर रहती हैं.

पिता का सपना था कि आशा एक दिन KBC में जाएं, लेकिन 2010 में बीमारी के कारण उनका निधन हो गया. साल 2020 के लॉकडाउन के दौरान मां माला देवी ने मजाक में कहा ‘इतनी पढ़ाई कर ली, लेकिन कभी KBC में नहीं गई’ यही ताना आशा की जिंदगी का टर्निंग प्वाइंट बन गया. उसी दिन उन्होंने ठान लिया कि वह शो में जाएंगी.

आशा ने पहली बार 2022 में आवेदन किया था, लेकिन चयन नहीं हो पाया. हार मानने के बजाय उन्होंने तैयारी जारी रखी. मार्च 2025 में दोबारा एप पर सवालों के जवाब दिए और आखिरकार शॉर्टलिस्ट हुईं. जून में दिल्ली में ऑडिशन हुआ और सितंबर में मुंबई में शूटिंग के लिए बुलाया गया.

हॉट सीट पर बैठकर उन्होंने 10 सवालों के सही जवाब दिए और 5 लाख रुपये जीते. सुपर संदूक राउंड में उन्हें ₹90 हजार कैश, एक बाइक, गोल्ड का सिक्का, 24 महीने तक देसी घी और पतंजलि के कई गिफ्ट भी मिले. 

खेल के दौरान जब अमिताभ बच्चन ने उनसे इच्छा पूछी, तो आशा ने कहा ‘सर, मैं आपके हाथों से चाय पीना चाहती हूं’ बिग बी ने मुस्कुराते हुए उनकी यह ख्वाहिश पूरी की. आशा बोलीं ‘ये पल मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं’.

आशा ने अपनी भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए उन्होंने कहा ‘मैं सरकारी नौकरी की तैयारी में सफल नहीं रहा, लेकिन अब मेरा सपना गरीब बच्चों को शिक्षित करना और उन्हें नौकरियों के लिए तैयार करने में मदद करना है. यही मेरी असली जीत होगी.

Exit mobile version