Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी यूपी पुलिस पर भड़कीं…बोलीं- पुलिस का कुत्ता खो जाए तो तुरंत एक्शनमेरी शिकायत में लगा दिए 4 घंटे

हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी ने उत्तर प्रदेश पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि जान से मारने की धमकियों और एक करोड़ रुपये की फिरौती की शिकायत लेकर जब वह अपने वकील के साथ सूरजपुर थाने पहुंचीं, तो पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज करने में करीब साढ़े चार घंटे लगा दिए। इस पूरे घटनाक्रम से नाराज होकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

डिंपल चौधरी ने कहा कि जब आम लोगों की सुरक्षा की बात आती है तो पुलिस बेहद धीमी हो जाती है, जबकि अगर किसी पुलिसकर्मी का कुत्ता भी चोरी हो जाए या उनका मोबाइल गुम हो जाए तो कुछ ही घंटों में कार्रवाई हो जाती है।

‘एक करोड़ की फिरौती मांगी, गाड़ी पर भी हमला हुआ’

डिंपल ने आरोप लगाया कि 18 जून को उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आई, जिसमें एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। रकम नहीं देने पर उनके भाई-बहन की हत्या करने और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद 24 जून को उनकी गाड़ी पर हमला भी किया गया।

उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद वह करीब दो घंटे तक सदमे में रहीं। यदि समय रहते वहां से नहीं निकलतीं तो शायद आज जिंदा नहीं होतीं।

‘थाने में पूछा- अभी आपका शोषण तो नहीं हुआ?’

डिंपल चौधरी ने आरोप लगाया कि शिकायत देने के दौरान पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछा कि “अभी आपका शोषण तो नहीं हुआ है?” उन्होंने कहा कि क्या पुलिस किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रही है, तब जाकर कार्रवाई करेगी।

‘पहले दूसरे थाने भेजने की कोशिश की’

डिंपल के मुताबिक, सूरजपुर थाने में पहले यह कहकर शिकायत लेने से मना किया गया कि मामला दूसरे थाना क्षेत्र का है। हालांकि उन्होंने बताया कि वह सूरजपुर थाना क्षेत्र के पास ही रहती हैं, इसलिए वहीं शिकायत दर्ज कराने पहुंची थीं।

‘मैं डरने वाली नहीं, शेरनी हूं’

वीडियो में डिंपल चौधरी ने धमकी देने वालों को चुनौती देते हुए कहा कि वह डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी एक गाड़ी पर हमला हुआ है तो इससे उनका हौसला नहीं टूटेगा। मेहनत के दम पर वह दस और गाड़ियां खरीद सकती हैं।

‘अगर मुझे कुछ हुआ तो पुलिस जिम्मेदार होगी’

डिंपल चौधरी ने कहा कि लगातार धमकियों के बावजूद उन्हें कोई सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई है। अब वह बेखौफ होकर बाहर भी नहीं निकल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन की होगी।

डिंपल ने बताया कि उनके परिवार में मां, एक भाई और एक बहन हैं। घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है और उनकी कमाई से ही भाई-बहन की पढ़ाई चल रही है।

Exit mobile version