Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नेपाल में फंसीं हरियाणा की वॉलीबॉल प्लेयर्स:इवेंट की CEO ने VIDEO जारी किया, बोली- एक दिन पहले जहां पार्टी की, वहां अब राख

दिल्ली से नेपाल में वॉलीबॉल लीग इवेंट होस्ट करने गई उपासना गिल ने वहां

टीम समेत फंसने का वीडियो जारी किया। एक दिन पहले जारी हुए इस वीडियो के बाद इवेंट कंपनी की CEO सामने आई हैं। CEO स्नेवी चैपागैन ने कहा कि सभी विदेशी खिलाड़ी व उपासना की टीम सुरक्षित हैं और वे रेस्क्यू के लिए प्रयास कर रहे हैं।

नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी आंदोलन में दिल्ली की उपासना गिल अपनी टीम के साथ फंस गई हैं। मदद की गुहार लगाते हुए उपासना गिल ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया है। उनकी टीम में हरियाणा के फरीदाबाद की लड़कियां भी शामिल हैं।

वीडियो सामने आने के बाद हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिखकर तत्काल रेस्क्यू की मांग की। उन्होंने कहा कि पोखरा के अलावा अन्य जगहों पर कई हरियाणवी नागरिक फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकाला जाना जरूरी है।

स्नेवी चैपागैन ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी में लिखा- उन्होंने (उपद्रवी भीड़ ने) बिना किसी नोटिस के होटल जला दिया। सभी राष्ट्रीय खिलाड़ी, विदेशी प्लेयर और इंडियन क्रू अब हमारी सुरक्षा में है। मैं इंडियन एबेंसी, नेपाल आर्मी और नाटा के संपर्क में हूं। मैं रेस्क्यू मिशन के बारे में सोच रही हूं, जो मुझे करना है।

उन्होंने लिखा- प्लेयर्स और मैनेजमेंट ने अपने डॉक्यूमेंट, उपकरण व जरूरी सामान खो दिया है। महंगी ज्वेलरी और दूसरी चीजें जो हमारी कमाई की थी और हम जिसे अपने घर से यहां लेकर आए थे, सबकुछ अब राख हो चुका है। सब कुछ टाइटैनिक मूवी की तरह ही कुछ सेकेंड में खत्म हो गया।

स्नेवी ने लिखा- हमारे क्रू के करीब 200 लोग पोखरा में लेकसाइड होटल में ठहरे हुए थे। कल हम सभी गन और हथियार के बल पर हुए दंगे का गवाह बने। जो हमने पहले कभी जिंदगी में नहीं देखा था। मैं अभी इसे लेकर सही या गलत कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हूं। हम यहां पर अभी सेफ हैं। नया नेपाल अब एक लंबा सपना है। मैं उन लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करती हूं, जिनके अपने इसमें जान गंवा बैठे। हम सब एक साथ हैं।

दिल्ली से वॉलीबॉल लीग होस्ट करने गई उपासना गिल ने वीडियो जारी कर बताया कि वे जिस होटल में रुके थे, उसे पूरी तरह जला दिया गया। उपासना ने कहा कि घटना के वक्त वह स्पा में थीं। लोग उनके पीछे डंडे लेकर दौड़ रहे थे। उन्होंने सभी से मदद की गुहार लगाई।

उपासना ने कहा कि यहां बुरे हालात हैं। जगह-जगह पर आग लगी हुई है। लोग टूरिस्ट को भी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता कि यहां कोई टूरिस्ट है या कोई काम करने आया है। वे बिना कुछ सोचे-समझे हर जगह आग लगा रहे हैं। उपासना ने यह मैसेज इंडियन एंबेसी तक पहुंचाने की रिक्वेस्ट की।

Exit mobile version