Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा का तापमान 30 डिग्री हुआ पार: पारा 34.6 पहुंचा ; 5 दिन तक बारिश के आसार नहीं, ज्यादा गर्मी गेंहू के पकने के लिए नुकसानदायक

हरियाणा में मौसम करवट ले चुका है। राज्य के कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सिरसा जिले के दिन सबसे गर्म दर्ज किए गए हैं। यहां का पारा 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि दिन और रात में 40 से 50 किलोमीटर की स्पीड चलने वाली हवाएं लोगों को जरूर गर्मी से राहत देंगी।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बार-बार मौसम में परिवर्तन आ रहा है। जिसकी वजह से सुबह जहां हल्की ठंड हो रही है तो वहीं दोपहर में पसीने वाली गर्मी सता रही है। मौसम विभाग ने आने वाले 2-3 दिनों में तेज हवाओं के चलने की संभावना जताई है। हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने का अनुमान है, लेकिन बारिश की बहुत कम संभावना बनी हुई है।

होली के बाद सरसों की कटाई शुरू हो गई है तो वही गेहूं की फसल अभी पकाव पर है। इसकी अप्रैल महीने में कटाई शुरू हो जाएगी। गेहूं की फसल के पकाव के लिए थोड़ा कम तापमान अच्छा रहता है, लेकिन दिन-प्रतिदिन बढ़ती गर्मी से गेहूं की फसल पर भी असर पड़ सकता है।

Exit mobile version