कश्मीर के बारामूला के गुलमर्ग में आतंकी हमले में हरियाणा का 28 साल का फौजी जवान शहीद हो गया. शुक्रवार को फौजी जवान जीवन सिंह का पार्थिव शरीर घरा पहुंचा और यहां पर सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया. जैसे ही शहीद की पार्थिव देह घर पहुंची तो चिख पुकार मच गई. बाद में शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा.
दरअसल, हरियाणा के सिरसा के कालांवाली, खंड रोड़ी के गांव रोहण राइफलमैन जीवन सिंह राठौड़ (28) कश्मीर के गुलमर्ग के बूटा-पथरी इलाके में सेना के काफिले पर आतंकी हमले में शहीद हो गए थे. इस हमले में दो फौजियों सहित चार लोगों की मौत हुई थी.शुक्रवार शाम को सैन्य सम्मान के साथ जीवन सिंह का अंतिम संस्कार किया गया.
जीवन सिंह के पार्थिव शरीर को एयरफोर्स सेंटर लाया गया और फिर वहां से सेना के वाहन में उनकी पार्थिव देह लाई गई. इस दौरान रास्ते में बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान कालांवाली के नायब तहसीलदार कंवरदीप सिंह और डीएसपी अर्शदीप सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित की. बता दें कि जीवन सिंह चार बहनों के इकलौते भाई थे. उनके परिवार में पत्नी, छोटी-छोटी दो बेटियां और माता पिता हैं. जीवन सिंह साल 2016 में सेना में भर्ती हुए थे और राजपूताना राइफल्स में तैनात थे.

