Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

चुनाव से पहले दुष्यंत चौटाला को बड़ा झटका; JJP विधायक अपने समर्थकों संग कांग्रेस में हुए शामिल, 3 दिन में 10 में से 5 MLA छोड़ चुके पार्टी

हरियाणा के पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला को लगातार झटके मिल रहे हैं। अब उनकी पार्टी JJP के विधायक रामकरण काला उन्हें झटका दिया है। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान और पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा की अध्यक्षता में वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद रामकरण ने कहा, ‘आज मैंने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान और सांसद दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस का दामन थामा है। जनता की आवाज सुनकर मैंने यह कदम उठाया है।’

कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहेगी तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगे। जनता हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनवाने जा रही है।वहीं, दिल्ली रवाना होने से पहले काला ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कई विकास कार्य किए हैं। जो अधूरे हैं, या जिन पर काम चल रहा है, उन्हें पूरा करने के लिए वह कृतसंकल्प हैं। उनके दोनों बेटे पहले ही कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

दूसरी ओर सूत्रों ने दावा किया है कि विधानसभा चुनाव से पहले JJP को बड़ा झटका लगने जा रहा है। JJP के 4 विधायक इस्तीफा देने जा रहे हैं। इनमें जोगी राम सिहाग, अनूप धानक, रामनिवास सुरजाखेड़ा और रामकुमार गौतम के नाम शामिल हैं। इन चारों विधायकों ने राज्यसभा सीट की भाजपा उम्मीदवार किरण चौधरी को समर्थन दिया है।

इधर, पूर्व श्रम मंत्री अनूप धानक के इस्तीफे के बाद शनिवार 17 अगस्त को 4 और विधायकों ने पार्टी छोड़ दी। इनमें शाहबाद सीट से विधायक रामकरण काला, गुहला चीका सीट से विधायक ईश्वर सिंह, जोगीराम सिहाग और टोहाना सीट से विधायक देवेंद्र बबली शामिल हैं। चौटाला को लिखे पत्र में विधायक ईश्वर और रामकरण ने अपने इस्तीफे के लिए निजी कारणों का हवाला दिया है। इस तरह JJP के 5 विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं। इनमें रामकरण, ईश्वर और देवेंद्र कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। वहीं, अनूप धानक BJP में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इन अटकलों पर उनका बयान अभी तक सामने नहीं आया है।

Exit mobile version