हरियाणा की तीन महिला बॉक्सरों ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में चयन नहीं होने पर दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। महिला बॉक्सरों ने वर्ल्ड चैंपियनशिप टीम व चयनकर्ताओं पर उगंली उठाई थी। जिसमें उनका आरोप है कि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से नहीं हुई। उनका नाम अच्छा प्रदर्शन करने के बाद भी नहीं चुना गया।
रोहतक के गांव रिठाल फोगाट निवासी मंजू रानी, गांव रिठाल नरवाल निवासी शिक्षा व हिसार निवासी पूनम ने वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप की चयन टीम व चयनकर्ताओं को कटघरे में खड़ा करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। महिला बॉक्सरों ने बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के प्रधान को पत्र भी लिखा था, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई।
मंजू रानी ने भी होई कोर्ट में याचिका मंजूर करने पर ट्विट किया। पूनम पूनिया व शिक्षा ने भी इस पर रि-ट्विट किया। वहीं पूनम पूनिया ने लिखा कि न्याय के लिए गुहार स्वीकार। इससे पहले उन्होंने बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के प्रधान को पत्र लिखा था और इस मामले में संतोषजनक कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही 48 घंटे में संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की भी बात कही थी।
एडवोकेट संदीप लांबा ने बताया कि तीनों महिला बॉक्सरों की याचिका हाई कोर्ट ने स्वीकार कर ली है। जिसमें बॉक्सिंग फेडरेशन आफ इंडिया (BFI), स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), युवा मामले और खेल मंत्रालय, हेड कोच भास्कर चंद्र तथा खिलाड़ी नीतू, प्रीति, जेसमिन के खिलाफ याचिका डाली गई है।
48 किलोग्राम भारवर्ग की बॉक्सर मंजू रानी ने बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) के प्रधान को भी पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने कहा कि वे भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2022 में स्वर्ण पदक विजेता हैं। अभी वर्ल्ड चैंपियनशिप होने वाली है। जिसमें उन्हें पहली रैंक से हटाकर दूसरे नंबर पर डाल दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस बॉक्सर को नंबर एक पर स्थान दिया गया है, उसने केवल हरियाणा स्टेट में खेली और कोई मेडल भी नहीं ले सकी। जिसका कैंप के अंदर तीसरे नंबर पर नाम था और उसे वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में खिलाया जा रहा है और मंजू रानी को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया। जबकि उसने वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश को सिल्वर मेडल दिला रखा है।
हिसार निवासी बॉक्सर पूनम पूनिया ने नेशनल में गोल्ड मेडल जीता और उनके साथ 11 अन्य महिला बॉक्सरों ने गोल्ड मेडल जीता था। जिनमें से 9 बॉक्सर को प्रदर्शन को देखते हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चुना गया। जब उनका नाम वर्ल्ड चैंपियनशिप के रिप्रेजेंटेटिव फोटो में वे नहीं दिखी तो आघात लगा।
उन्होंने कहा कि वे इसके लिए कड़ी मेहनत कर रही थी। इंडिया के लिए टॉप परफॉरमेंस देने के बाद भी देश के लिए नहीं खेल रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में देश के टॉप खिलाड़ी कोर्ट गए हैं। देश में कुछ खेल संघ को कोर्ट द्वारा निलंबित भी किया गया। अपना बेहतर प्रदर्शन करने के बाद भी इंसाफ नहीं मिला।
शिक्षा नरवाला ने 20-26 दिसंबर 2022 में आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीता था। वहीं मई 2022 में तूर्किये में आयोजित महिला वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लिया, 2021 में हिसार में आयोजित सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल, साउथ एशियन गेम में सिल्वर मेडल जीता। इसके अलावा अन्य प्रतियोगिताओं में भी मेडल अपने नाम कर चुकी हैं।
