पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी का असर अब हरियाणा के मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा रहा है। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को हरियाणा के कई जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री तक की कमी आई। बुधवार तक जहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, वहीं गुरुवार को यह 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
यमुनानगर जिले में अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 7 डिग्री कम रहा। वहीं सोनीपत में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से ठंड में यह बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
हाल ही में आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई है, जिससे नमी बढ़ी और ठंडी हवाएं मैदानों की ओर बहने लगीं। इसका सीधा असर हरियाणा के मौसम पर पड़ा है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में 9 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस दौरान सुबह और रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है, जबकि दिन के समय हल्की धूप निकलने की संभावना बनी रहेगी
हरियाणा में गुरुवार सोनीपत और हिसार की रात सबसे ठंडी रही। हिसार में न्यूनतम तापमान गुरुवार को 10.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं महेंद्रगढ़ और नारनौल में तापमान 11 डिग्री तक पहुंच गया था। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो हिसार में 27.6, गुरुग्राम में 25.4, अंबाला में 28.2, पानीपत में 27.2 और यमुनानगर में 24.3 डिग्री दर्ज किया गया है।

