Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में गर्मी से मिलेगी राहत:1 से 3 मई तक बादलवाई, धूलभरी हवाएं व बारिश होगी, तापमान में आएगी गिरावट

हरियाणा में आज (मंगलवार को) मौसम गर्म रहेगा। प्रदेश के चार जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसके चलते लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। 30 अप्रैल को मौसम खुश्क रहने के बाद बदलाव शुरू होगा और 1 से 3 मई तक मौसम बदलेगा। जिसके चलते बादलवाई, धूलभरी हवाएं चलने व बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अप्रैल को पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में बारिश हो सकती है। इसके अलावा कहीं और बारिश की संभावना नहीं है। 1 मई को आधे से ज्यादा हरियाणा में बारिश का अनुमान है। पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में बारिश की 25-50 प्रतिशत तक संभावना है।

कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल में 25 प्रतिशत तक बरसात होने का अनुमान है। वहीं, 2 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद व हिसार में बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए प्रदेश के चार जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार व भिवानी) के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। कल यानी 30 अप्रैल को प्रदेश के चार जिले (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार व भिवानी) में हीटवेव का यलो अलर्ट है। वहीं पंचकूला, यमुनानगर व अंबाला में बादलवाई, गर्जना, चमक व तेज हवाओं के साथ बरसात की संभावना है।

1 मई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर में आंधी-तूफान व बारिश होने की संभावना है। कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल में बादलवाई, तेज हवाएं चलने, गरज व चमक के साथ बारिश की संभावना है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 30 अप्रैल तक खुश्क व गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर पश्चिमी व पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से विशेषकर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। 1 मई से हवा में बदलाव व पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य में 1 मई रात्रि से 3 मई के दौरान आंशिक बादल, धूलभरी हवाएं चलने तथा कहीं कहीं बूंदाबांदी व हल्की बारिश भी संभावित है। जिससे दिन के तापमान में गिरावट हो सकती है। इसके बाद 4 मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना से मौसम में लगातार बदलाव की संभावना है।

Exit mobile version