हरियाणा में भारतीय मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की परिस्थितियां बन चुकी हैं। अगले 24 घंटों में हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों से मानसून की वापसी पूरी होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार हरियाणा में अगले कुछ दिनों तक मुख्य रूप से साफ आसमान रहेगा और बारिश की संभावना बेहद कम है। हालांकि दिन में हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी। हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास या उससे 1-2 डिग्री कम रहने की संभावना है।
वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास 22 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से 15-25 किमी प्रति घंटा की गति वाली हवाएं चलेंगी, शाम को गति घटकर 15 किमी प्रति घंटा से कम हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की वापसी के कारण अब हरियाणा में आर्द्रता कम होगी और मौसम शुष्क बनेगा। किसानों के लिए यह समय खरीफ फसलों की कटाई के लिहाज से अनुकूल है।
हरियाणा के हिसार में सबसे कम न्यूनतम तापमान (22.6°C) और सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान (37.1°C) दर्ज हुआ। वहीं औसतन दिन का तापमान 34–37°C और रात का तापमान 22–26°C के बीच रहा। अधिकतम तापमान राज्य के सामान्य औसत से लगभग 2°C अधिक दर्ज हुआ है।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अभी दिन में गर्मी रहेगी मगर 4 दिन बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आनी शुरू हो जाएगी।
