पश्चिमी विक्षोभ का असर हरियाणा में दिख रहा है। मंगलवार को पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी हिस्से के कुछ जिलों में तेज बारिश हुई। इसका असर बुधवार को भी रहेगा। उत्तर हरियाणा के 4 जिले पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र के साथ पश्चिम और दक्षिण पश्चिम हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद में गरज-चमक के बारिश होने की मौसम विभाग ने संभावना जताई है। साथ ही इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 8 से 10 जून को मौसम सामान्य रहेगा। 11 जून से उत्तर हरियाणा के सभी 6 जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होने संभावना है।
हिसार का बालसमंद सबसे गर्म रहा
24 घंटे के आंकड़ों को देखें तो हिसार का बालसमंद सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जींद के पेंडू पिंडरा का अधिकतम तापमान 39.9 रहा। इसके बाद सिरसा का 39.9, महेंद्रगढ़ का 39.8, गुरुग्राम का 38.7 और रेवाड़ी का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
8 जून से तपेगा सूरज
मौसम विभाग के मुताबिक, एक चक्रवाती तूफान बनने से हरियाणा में दिन के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। पश्चिमी गर्म हवाओं के साथ अरब सागर की नमी वाली हवाओं के मिलने से प्रदेश में उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी हो सकती है। ऐसी संभावना है कि अधिकतम तापमान 40.0 से 42.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।
26°C से 40°C बीच रहता है अधिकतम औसत तापमान
हरियाणा में जून में मौसम गर्म रहने वाला है। अमूमन यहां का अधिकतम औसत तापमान 26°C से 40°C बीच रहता है। इस बार हरियाणा में लगभग 3 से 8 दिनों की बारिश की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है। 15 जून के बाद गर्मी को लेकर हालात ज्यादा खराब हो सकते हैं। 30 जून तक सूरज की तपिश से राज्य के लोगों को परेशानी हो सकती है।

