Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में बढ़ेगी गर्मी की मार: 5 जिलों में पारा 40°C पार, 17 मई से लू का यलो अलर्ट जारी

हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना है। 17 मई से हरियाणा के पश्चिमी जिलों में लू चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश के 5 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सिरसा 44.0°C तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा। इसके अलावा नारनौल में 42.5°C, हिसार में 41.4°C, रोहतक में 41.2°C और महेंद्रगढ़ में 40.6°C तापमान दर्ज किया गया।मौसम विभाग ने सिरसा और फतेहाबाद में तेज आंधी चलने की संभावना जताई है। वहीं यमुनानगर के रादौर क्षेत्र में तेज तूफान के कारण कई गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

बुधवार सुबह जींद, हिसार, पानीपत, करनाल, कैथल और फतेहाबाद में बारिश दर्ज की गई। रात के समय बहादुरगढ़ में ओलावृष्टि हुई, जबकि सोनीपत, करनाल, रोहतक और भिवानी में तेज बारिश और आंधी देखने को मिली।हालांकि दिन में तेज गर्मी पड़ रही है, लेकिन रात का मौसम अभी भी अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रोहतक में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहा। गुरुग्राम में 22.0°C और चंडीगढ़ में 23.0°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने किसानों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए कपास की बुवाई फिलहाल टालने की सलाह दी गई है। जिन किसानों की गेहूं और जौ की फसल पक चुकी है, उन्हें जल्द कटाई और थ्रेसिंग पूरी करने को कहा गया है। साथ ही भूसे को सुरक्षित स्थान पर ढककर रखने और सब्जियों की सिंचाई रोकने की सलाह दी गई है।पशुपालकों को भी अपने पशुओं को शेड के नीचे रखने और मच्छरों से बचाव के लिए उचित प्रबंध करने की हिदायत दी गई है।

Exit mobile version