हरियाणा में ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है. प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान गिरकर इस सीजन का सबसे कम स्तर दर्ज कर रहा है. हिसार और महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. खासतौर पर महेंद्रगढ़ में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे चल रहा है. जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है. नवंबर की शुरुआत में ही इतनी ठंड पड़ना असामान्य है, लेकिन इस बार मौसम ने जल्दी ही ठंड के संकेत दे दिए हैं.
नारनौल और आसपास के इलाकों में रातें अब ज्यादा ठंडी होने लगी हैं. दिन में ज्यादा ठंड महसूस नहीं होती, लेकिन सुबह और शाम की ठंडी हवाओं के कारण लोग दिन में भी गर्म कपड़े पहनने लगे हैं. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ी है. पिछले तीन दिनों से दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट जारी है. उत्तर-पश्चिमी हवाओं के तेज होने से आने वाले दिनों में रात का तापमान और कम होने की संभावना है.
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 13 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा. इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी. उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. दिन का तापमान हवा चलने की वजह से थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन रात में ठंडक बनी रहेगी.
किसानों के लिए यह समय विशेष रूप से महत्वपूर्ण है. डॉ. खीचड़ ने कहा कि गेहूं की बिजाई जल्द से जल्द पूरी कर लें. साथ ही सरसों की फसल में किसी भी प्रकार की बीमारी दिखाई दे तो नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र से संपर्क कर उचित उपचार अवश्य कराएं. फरीदाबाद में वर्तमान तापमान इस प्रकार है अधिकतम 27 डिग्री न्यूनतम 11डिग्री. दिन में तापमान 26 से 27 डिग्री के आसपास बना हुआ है. सुबह और रात में ठंडी हवाओं के कारण लोगों को ठंडक महसूस हो रही है.
