Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा का जलवा…11 मेडल जीते; बॉक्सिंग में रचा इतिहास, भिवानी के खिलाड़ियों का दबदबा

ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 पदक अपने नाम किए। इनमें 7 गोल्ड, 2 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज शामिल हैं। सबसे बड़ा दबदबा बॉक्सिंग में देखने को मिला, जहां हरियाणा के मुक्केबाजों ने 6 गोल्ड और 1 सिल्वर जीतकर नया इतिहास रच दिया। खास बात यह रही कि इन 6 गोल्ड में से 5 अकेले भिवानी के खिलाड़ियों ने जीते।

कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में यह पहला मौका है जब हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक साथ बॉक्सिंग में 6 गोल्ड मेडल जीते हैं। इससे पहले 2010 के दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स में राज्य को बॉक्सिंग में 4 पदक मिले थे।

इन खिलाड़ियों ने जीते मेडल

हरियाणा में जश्न का माहौल

भिवानी के धनाना गांव में प्रिया घनघस के गोल्ड मेडल पर ग्रामीणों ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया। हिसार के भेरिया गांव में अंकुश पंघाल की जीत पर परिवार और गांव वालों ने मिठाइयां बांटी। वहीं, जैस्मिन लंबोरिया और साक्षी चौधरी के घर भी जीत की खुशी में उत्सव मनाया गया।

अंकुश ने इंग्लैंड के बॉक्सर को हराकर जीता गोल्ड

हिसार के भेरिया गांव के अंकुश पंघाल ने 80 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में इंग्लैंड के मुक्केबाज को हराकर गोल्ड जीता। 11 साल की उम्र में बॉक्सिंग शुरू करने वाले अंकुश की सफलता के पीछे उनके पिता की मेहनत भी रही, जो रोज उन्हें 15 किलोमीटर दूर अभ्यास के लिए लेकर जाते थे।

सचिन का आखिरी पंच बना जीत की वजह

60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में सचिन सिवाच ने नामीबिया के मुक्केबाज को 3-2 से हराया। दूसरे राउंड में पेनल्टी मिलने के बावजूद सचिन ने अंतिम क्षणों में दमदार पंच लगाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

साक्षी और प्रिया ने दिखाया दम

साक्षी चौधरी ने फाइनल मुकाबला 5-0 से जीतकर गोल्ड जीता। उनके पिता ने भरोसा जताया कि साक्षी भविष्य में एशियन गेम्स और ओलिंपिक में भी देश के लिए गोल्ड जीतेंगी। वहीं, प्रिया घनघस ने 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से फाइनल जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया।

प्रीति और जैस्मिन ने भी जीते गोल्ड

प्रीति पंवार ने कनाडा की प्रतिद्वंद्वी को 5-0 से हराया, जबकि जैस्मिन लंबोरिया ने भी अपने फाइनल मुकाबले में 5-0 से जीत दर्ज कर हरियाणा की झोली में एक और गोल्ड डाल दिया।

नरेंद्र बेरवाल को मिला सिल्वर

हांसी के बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल पुरुष +90 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में इंग्लैंड के मुक्केबाज से हार गए। उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

Exit mobile version