Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों का बड़ा ऐलान! 24 मई को परिवहन मंत्री के घर घेराव

हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने 24 मई 2026 को अंबाला में परिवहन मंत्री के निवास स्थान पर बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यूनियन ने कहा है कि रोडवेज कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मंत्री को ज्ञापन सौंपेगा और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग उठाएगा।यूनियन की अहम बैठक राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जबकि संचालन महासचिव सुमेर सिवाच ने किया। बैठक में आरोप लगाया गया कि परिवहन विभाग का लगातार निजीकरण किया जा रहा है और विभाग को बड़े पूंजीपतियों को सौंपने की तैयारी चल रही है।यूनियन नेताओं ने कहा कि विभिन्न विभागों की तरह रोडवेज में भी बड़ी संख्या में कच्चे कर्मचारियों की भर्ती की जा रही है, जबकि स्थायी भर्ती नहीं हो रही। साथ ही चार नई श्रम संहिताओं को कर्मचारियों के अधिकारों पर हमला बताते हुए उनका विरोध किया गया।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 24 मई को अंबाला में बड़े स्तर पर “मास डेपुटेशन और प्रदर्शन” किया जाएगा। इस दौरान HKRN समेत अन्य कच्चे कर्मचारियों से पक्का करने संबंधी आवेदन फॉर्म भरवाकर परिवहन मंत्री को सौंपे जाएंगे।

यूनियन की प्रमुख मांगें:

रोडवेज विभाग का निजीकरण तुरंत रोका जाए

विभाग में 10 हजार नई बसें शामिल की जाएं

HKRN व अन्य कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए

चालकों का वेतनमान ₹53,100 और परिचालकों/लिपिकों का ₹35,400 किया जाए

चालक-परिचालकों को 30 रात्रि ठहराव का भुगतान मिले

कर्मचारियों को पूर्व की तरह अर्जित अवकाश और साल में 33 छुट्टियां दी जाएं

2008 बैच के परिचालकों को उप-निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिले

10 साल का बकाया बोनस जारी किया जाए

कर्मचारियों पर हमले और मारपीट के मामलों में सख्त कार्रवाई हो

बैठक में मई-जून के दौरान यूनियन का सदस्यता अभियान चलाने का भी फैसला लिया गया। इसके बाद विभिन्न डिपो स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। यूनियन ने संगठन को मजबूत करने के लिए छह अलग-अलग टीमों का गठन भी किया।

Exit mobile version