Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा रोडवेज ड्राइवर की बड़ी लापरवाही; 60 सवारियों की जान डाली खतरे में; बस चलाते समय मोबाइल पर रील्स देखता रहा- स्टीयरिंग भी छोड़ा

हरियाणा रोडवेज का एक ड्राइवर सवारियों की जान खतरे में डालते हुए बस चलाते हुए मोबाइल पर रील्स देखता रहा। जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ डिपो की यह बस देहरादून से चंडीगढ़ आ रही थी। रील्स की आवाज बाहर आवाज न आए, इसलिए ड्राइवर ने अपने कानों में ईयरबड्स लगा रखे थे। बस में आगे की सीट पर बैठी एक सवारी ने चुपके से ड्राइवर का वीडियो बना लिया।

वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि ड्राइवर एक हाथ से मोबाइल पकड़कर देख रहा रहा है। बीच में उसने स्टीयरिंग छोड़कर दोनों हाथ से भी मोबाइल पकड़ा। ड्राइवर की इस हरकत की वजह से बस में सवार लोग सफर पूरा होने तक डरे रहे।

दरअसल, हरियाणा रोडवेज की बस HR68-GV-7371 रविवार दोपहर 2.30 बजे देहरादून अंतरराज्यीय बस अड्‌डे से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई। बस का टाइम देहरादून से डेढ़ बजे का था, लेकिन यह लेट थी। बस में करीब 60 सवारियां थीं। इस रूट पर करीब 15 से 20 किलोमीटर पहाड़ी एरिया के बाद ड्राइवर ने अपने कान में ईयरबड्स लगा लिए और अपने मोबाइल पर कुछ देखने लगा।

नारायणगढ़ के रहने वाले एक व्यक्ति ने मीडिया मे बताया कि सवारियों को लगा कि वह कुछ जरूरी काम कर रहा है, लेकिन उसकी ये हरकत काफी देर तक जारी रही। लोगों को उसकी हरकत से डर लगने लगा। लोगों ने बस कंडक्टर से इसका विरोध किया तो उसने कहा कुछ जरूरी बात कर रहा है, अभी फोन रख देगा।

लोगों के विरोध के बाद भी ड्राइवर लगातार फोन पर रील और मीम्स देखता रहा। इस पर कुछ लोगों ने उसकी वीडियो बना ली और वायरल कर दी। जब ड्राइवर को ये पता चला तो उसने कुछ सवारियों के साथ बदतमीजी भी की। कुछ सवारियों को जहां उतरना था, ड्राइवर ने उन्हें काफी आगे जाकर उतारा।

सवारियों से मिली जानकारी के अनुसार बस को चंडीगढ़ ले जाते समय ड्राइवर और कंडक्टर ने बस को एक सहारनपुर के पास सरसावा के पास ढाबे पर भी रोका। 20 मिनट तक सवारियों को इंतजार करना पड़ा। बता दें हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज परिवहन विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दे चुके हैं कि परिवहन विभाग की कोई भी बस ढाबों पर नहीं रुकेगी। अगर किसी बस ढाबे पर रुकने की शिकायत मिलती है तो बस के चालक व परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version