Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा रोडवेज की बसें प्राइवेट ढाबों पर नहीं रुकेंगी:अनिल विज ने आदेश दिए; बिना नंबर सड़क पर दौड़ रहे वाहन जब्त किए जाएंगे

हरियाणा में रोडवेज की बसें प्राइवेट ढाबों पर नहीं रुकेंगी। जिस प्रकार से रेलवे ने अपने यात्रियों के लिए कैंटीन बनाई हुई है, इसी तर्ज पर प्रदेश के बस स्टैंड पर कैंटीन बनाने के लिए संभावनाएं तलाशी जाएं, ताकि बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों के लिए कैंटीन को खोलकर बेहतर व्यवस्थाएं दी जा सकें।

यह आदेश परिवहन मंत्री अनिल विज ने परिवहन विभाग की मीटिंग में अधिकारियों को दिए। विज ने कहा कि ढाबों पर बसों के न रुकने के आदेश अभी से ही लागू कर दिए गए हैं। जो ड्राइवर बसों को प्राइवेट ढाबों पर रोकेंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी।

विज ने यह भी कहा कि देखने में आया है कि हरियाणा में कई वाहन बिना नंबर प्लेट के चलते हैं। अब ऐसा नहीं होगा। बिना वाहन या नंबर प्लेट के कोई वाहन चलेगा तो उसे जब्त कर लिया जाएगा।

बैठक में विज ने रोडवेज GM को आदेश दिए हैं कि बसों में रूटीन चेकिंग की जाए और इसे बढ़ाया जाए। लोगों की सुविधा का ध्यान रखा जाए। लोगों को परेशानी न हो, इसे लेकर लगातार मॉनिटरिंग करते रहें।

बैठक में अनिल विज ने सुझाव दिया कि रोडवेज बसों की टाइमिंग के लिए एक डिजिटल एप बनाई जाए, जिसे GPS से कनेक्ट किया जाए। रेलवे की तरह बसों का टाइम भी एप पर दिखे। साथ ही यह भी पता चलेगा कि बस किस रूट पर चल रही है और कितने बजे तक गंतव्य पर पहुंचेगी।

Exit mobile version