पानीपत में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने डाहर गोल चक्कर पर एक डंपर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण डंपर पलट गया जिससे उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में बस में सवार 40 लोग भी घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को आनन-फानन में पानीपत अस्पताल ले जाया गया।
घायल राकेश ने बताया कि हरियाणा रोडवेज की बस सोनीपत डिपो की थी, जो हिसार से चंडीगढ़ जा रही थी। चालक बस को बहुत तेज चला रहा था। सुबह तकरीबन साढ़े 9 बजे पानीपत में इसराना क्रॉस करने के बाद डाहर गोल चक्कर पर बस ने आगे चल रहे एक डंपर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई जबकि बस में बैठी 40 सवारियां घायल हो गई। हादसे के वक्त बस की स्पीड 100 किलोमीटर प्रतिघंटा के आसपास थी।
इस हादसे में 40 लोगों को चोटें लगी। इनमें से किसी के मुंह, किसी के हाथ तो किसी को पैर पर गंभीर चोटें लगी है। कुछ घायलों को सिवाह के एक निजी अस्पताल ले जाया गया तो कुछ लोग इसराना के एनसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। कुछ घायल पानीपत सामान्य अस्पताल ले जाए गए। हादसे में मामूली रूप से घायल लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की सूचना मिलते ही इसराना पुलिस मौके पर पहुंची। मौका मुआयना कर पता लगा कि इस हादसे में रोडवेज बस चालक की गलती है। हादसे में डंपर चालक नरेश गांव मांडी (पानीपत) की मौत हुई है। हादसे में शिकायत के आधार पर बस चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज करने की पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

