Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा रोडवेज बस ने 6 छात्राओं को कुचला:यमुनानगर में बस स्टैंड पर स्कूल-कॉलेज जाने वाले स्टूडेंट्स की भीड़ थी, चढ़ने की हड़बड़ी में गिरीं

हरियाणा में यमुनानगर जिले के प्रतापनगर में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां बस में सवार होने की जल्दबाजी में कई स्टूडेंट्स नीचे गिर गईं। इस दौरान 6 छात्राएं बस के नीचे कुचली गईं। बस का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। बताया जा रहा है कि एक छात्रा का पेट पूरी तरह से कुचला गया। बाकियों के भी काफी चोटें आई हैं।

हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। प्रतापनगर बस स्टैंड पर काफी स्टूडेंट्स अपने स्कूल-कॉलेज जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। तभी पांवटा साहिब से दिल्ली जाने वाली बस पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस अभी पूरी तरह रुकी नहीं थी। इसी बीच स्टूडेंट्स की भीड़ उसमें चढ़ने लगीं। बस ने जैसे ही टर्न लिया, अचानक धक्का लगा और छात्राएं नीचे गिरीं।

6 स्टूडेंट बस के पिछले टायरों के नीचे आकर कुचली गईं। इनमें गांव कुटीपुर की आरती, प्रताप नगर की अर्चिता, टिब्बी की रहने वाली मुस्कान, बहादुरपुर की निवासी संजना और प्रतापनगर की रहने वाली अंजलि व अमनदीप शामिल हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर है।

इन्हें पहले प्रतापनगर के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद यमुनानगर रेफर कर दिया गया।

Exit mobile version