Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा-पंजाब के टूरिस्ट हिमाचल में लापता:कुल्लू-मनाली में 25 जगह लैंड स्लाइडिंग से बिजली-मोबाइल नेटवर्क ठप; प्रशासन का दावा- सभी सुरक्षित

हिमाचल प्रदेश में पंजाब और हरियाणा के कई पर्यटक फंस गए हैं। दोनों राज्यों के कई लोग कुछ रोज पहले श्रीखंड यात्रा पर, मणिकर्ण और मनाली लाहौल स्पीति क्षेत्र में गए थे, लेकिन अब इन लोगों से परिवार का संपर्क टूट गया है। इसको लेकर पारिवारिक सदस्य चिंता में हैं और जानकारों के माध्यम से अपनों का पता लगाने के लिए निरंतर कोशिश कर रहे हैं।

हिमाचल में आई भारी बाढ़ के बाद वहां फेल हुआ मोबाइल नेटवर्क सिस्टम और गुल हुई बिजली के कारण हिमाचल गए लोगों का न ही कुछ पता चल रहा है और न ही वे ट्रेस हो रहे हैं। मंडी से आगे जिला कुल्लू के अलावा मनाली और लाहौल स्पीति में इस वक्त बिजली और मोबाइल नेटवर्क सुविधा नहीं होने से वहां गए लोगों का पंजाब और हरियाणा से संपर्क कट चुका है।

हरियाणा के पानीपत शहर के कच्चा कैंप से 6 जुलाई की सुबह 5:30 बजे 4 दोस्त मनाली घूमने के लिए गए थे। विशाल अरोड़ा, सागर चानन समेत 4 युवक अपनी कार नंबर HR06B-B8050 में सवार हो गए थे, जिनसे परिजनों की बात भी हो रही थी।

9 जुलाई की शाम 6:32 बजे परिजनों की उनसे आखिरी बार बात हुई थी, लेकिन इसके बाद से युवकों से चारों परिवारों का संपर्क टूट गया। परिजनों ने पानीपत जिला प्रशासन के माध्यम से हरियाणा व हिमाचल सरकार से उनकी मदद करने की गुहार लगाई है।

जिला रूपनगर की बात की जाए तो आनंदपुर साहिब से हिमाचल यात्रा पर गए दोनों जवानों के संपर्क कटने का बकायदा ट्वीट पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने किया और उनकी मंगल कामना की। वहीं दूसरी जानकारी पंजाब मोर्चा के कन्वीनर गौरव राणा द्वारा अपने इंटरस्टेट कमेटियों के माध्यम से शेयर की गई।

राणा ने बताया लुधियाना के नजदीकी गांव का गगनजीत सिंह व मोहाली का एक अन्य युवक भी मणिकर्ण क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क कटने के बाद संपर्क से बाहर है। उनकी तलाश और जानकारी के लिए हिमाचल की इंटर स्टेट कमेटियों के को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। जिला रूपनगर के नूरपुर बेदी ब्लॉक के गांव सिंबल माजरा का एक नौजवान भी फिलहाल संपर्क कटने से ट्रेस नहीं हो पा रहा।

Exit mobile version