Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा-पंजाब का बॉर्डर सील अंबाला की चारों तरफ से किलेबंदी; दिल्ली कूच से किसानों को रोकने के लिए तैयारी

हरियाणा-पंजाब के किसान संगठन कल 13 फरवरी को दिल्ली कूच करने पर अड़े हुए हैं। इधर, सरकार सख्त मूड अपनाए हुए है। किसानों की हरियाणा की सीमा में एंट्री न हो, इसके लिए हरियाणा-पंजाब के हर बॉर्डर पर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। किसानों ने मुख्य रूप से शंभू बॉर्डर से दिल्ली कूच का ऐलान किया हुआ है, जिसके मद्दे नजर पुलिस-प्रशासन ने अंबाला की सभी सीमाओं की किलेबंदी की गई हैं।

हरियाणा की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) ममता सिंह ने कहा कि हरियाणा से पंजाब की ओर जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर यातायात के बाधित रहने की संभावना है।

प्रभावित जिलों खासकर अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद, सिरसा में यातायात के रूटों को अस्थाई तौर पर बदलने के लिए पहले से ही तैयारी कर ली गई है।

दरअसल, पंजाब के किसानों ने ऐलान किया है कि 10 हजार ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर दिल्ली जाने के लिए हरियाणा में दाखिल होंगे। इसके लिए शंभू बॉर्डर, डबवाली और खनौरी बॉर्डर को चुना गया है। इन बॉर्डरों को हरियाणा पुलिस ने सील कर दिया है। पुलिस के मुताबिक लोग किसी भी असहज परिस्थिति में डायल- 112 पर संपर्क करके सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

Exit mobile version