हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विधानसभा में बतौर वित्त मंत्री 2,23,658.17 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। यह पिछले बजट की तुलना में 10.28 प्रतिशत ज्यादा है। सैनी ने केसरिया रंग की पगड़ी पहनी हुई थी और बजट भाषण की शुरुआत गुरु नानक देव जी के सिद्धांत, किरत कर, नाम जप, वंड छक से की। बजट में सीएम सैनी ने महिलाओं, किसानों और छात्रों के लिए बड़े ऐलान किए। इसके साथ ही राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए कई योजना की घोषणा की। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश में एग्री डिस्कॉम नाम से नया बिजली निगम बनाया जाएगा, जिसके तहत किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे। हर नारी, स्वस्थ नारी योजना के तहत, हर जिले में स्वस्थ नारी क्लीनिक बनाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहाकि अगर कोई महिला अपने नाम पर गाड़ी खरीदती है, तो उसे टैक्स में 1 प्रतिशत की छूट मिलेगी, जिससे महिलाओं को गाड़ी खरीदने में मदद मिलेगी। इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदने पर टैक्स में पहले से ही 20 प्रतिशत की छूट मिल रही है जिसे और बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक लाख युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके बाद इन्हें नौकरी दी जाएगी। 2000 नए बीटा बूथ खोलने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इसमें स्वयं सहायता समूह चलाने वाली महिलाओं को 20 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। सभी सरकारी बसों और टैक्सियों में ट्रैकिंग डिवाइस और पैनिक बटन लगाए जाएंगे, जिससे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।सीएम ने घोषणा की कि 500 वर्गगज तक के मकानों में हर महीने 10 किलोलीटर पानी फ्री मिलेगा।

मुख्यमंत्री सैनी ने घोषणा की है कि राज्य के हर जिले में एक सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। साथ ही, हर जिले में एक खेलो इंडिया सेंटर भी खोला जाएगा, जिसे किसी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी द्वारा चलाया जाएगा। इसके अलावा, कैथल, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, यमुनानगर, सोनीपत, फतेहाबाद और पलवल में 21 नए खेल स्टेडियम भी बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने मिशन ओलंपिक 2036 योजना के अंतर्गत वैज्ञानिक तरीकों से पूरे राज्य में प्रतिभा खोज अभियान शुरू करने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के सहयोग से एक विदेशी भाषा प्रशिक्षण योजना लागू की जाएगी, जिसके तहत 3 लाख रुपए वार्षिक आय वाले परिवारों के बच्चों को विदेशी भाषा का प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने वैध रूट से विदेश में गए युवाओं की अकाल मौत होने पर उनके परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए एक कल्याण कोष गठित करने की भी घोषणा की है।

नायब सैनी ने श्रमिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, इसके लिए अटल आवासीय विद्यालय खोला जाएगा, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होगी। हरसरू, कादीपुर, वजीराबाद, शाहबाद मारकंडा व फतेहाबाद में पांच नई ईएसआई डिस्पेंसरी खोली जाएंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि वर्तमान में मानेसर में संचालित 100 बिस्तर वाले ईएसआई अस्पताल को 200 बिस्तर में अपग्रेड करके यहां एक नया मेडिकल कॉलेज बनाया जायेगा।

सैनी ने अपने बजटीय भाषण में वेड इंडिया की तर्ज पर हरियाणा में वेडिंग सिटी बनाए जाने का ऐलान किया है। यह सिटी सगाई से विदाई तक के कांसेप्ट पर काम करेगी। गुरुग्राम, खरखौदा (सोनीपत) और पिंजौर (पंचकूला) में ये वेडिंग सिटी बनाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने घोषणा की है कि हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम वर्ष 2026-27 में औद्योगिक प्लॉटों के लिए ‘लैंड ऑन लीज नीति लागू करेगी। सीएम ने बताया कि 71 शहरों में 849 नए सेक्टर बनेंगे। 1.67 लाख एकड़ जमीन खरीदने के लिए पोर्टल पर किसानों से आवेदन मांगे गए हैं। सैनी ने कहा कि बिजली आपूर्ति में कट या ब्रेकडाउन के कारण सेवा के अधिकार अधिनियम में निर्धारित समय सीमा में समाधान नहीं होने पर औद्योगिक उपभोक्ताओं को डीजल सेट का सहारा लेना पड़ता है, जिसके चलते उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि ऐसे समय के लिए औद्योगिक उपभोक्ताओं से फिक्स्ड चार्ज नहीं लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि चंडीगढ़-दिल्ली एयरपोर्ट-गुरुग्राम और चंडीगढ़ से मुख्य धार्मिक स्थलों जैसे कटरा, सालासर, खाटूश्याम, हरिद्वार, अमृतसर आदि की यात्रा के लिए हरियाणा रोडवेज द्वारा 50 नई इलेक्ट्रिक बसों की खरीद की जाएगी, जिससे पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। विद्यार्थियों को बेहतर यातायात सुविधाएं प्रदान करने के लिए 1,000 नई बसों की खरीद की जाएगी, और महिला यात्रियों व छात्राओं के लिए समर्पित बसों की संख्या 273 से बढ़ाकर 500 की जाएगी। एचएसएससी के परीक्षार्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने के लिए एक वेब पोर्टल बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने की घोषणा की है। 25 सितंबर 2026 से इस योजना के अंतर्गत पात्रता आय सीमा को बढ़ाकर 1.80 लाख रुपए कर दिया जाएगा। लोहारू, बरवाला, नरवाना, समालखा, महम, रादौर व पिहोवा में नए महिला थाने बनेंगे। सोनीपत, गोहाना व बहादुरगढ़ में 3 नए साइबर क्राइम थाने बनेंगे। एंटी टेरेरिस्ट स्क्वायड में महिला कमांडो को भी शामिल करने का प्रस्ताव है। 1000 आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी के रूप में अपग्रेड किया जाएगा, जिससे इन केंद्रों की कार्यक्षमता और गुणवत्ता में सुधार होगा।

देसी कपास की खेती की प्रोत्साहन राशि 3,000 से बढ़ाकर 4,000 रुपए प्रति एकड़। धान छोड़कर दालें, तिलहन और कपास उगाने वाले किसानों को 2,000 रुपए प्रति एकड़ अतिरिक्त बोनस दिया जायेगा। मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना में फलों पर मुआवजा बढ़ाकर 50,000 और सब्जियों-मसालों पर बढ़ाकर 40,000 रुपए प्रति एकड़ किया गया। किसानों को सीधा बाजार देने के लिए प्रदेशभर में ग्रामीण हाट मंडियां स्थापित होंगी। किसानों के लिए प्रदेश में 7 नए पशु औषधालय और 4 नए राजकीय पशु अस्पताल खोले जाएंगे

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!