Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा पुलिस का जारी है ऑपरेशन लंगड़ा आम…3 आरोपीयों की तोड़ दी टांग

हरियाणा पुलिस का जारी है ऑपरेशन लंगड़ा आम…
3 आरोपीयों की तोड़ दी टांग
हरियाणा के कैथल में शनिवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ हुई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पहले होटल में लूट की कोशिश

DSP क्राइम सुशील प्रकाश के अनुसार शुक्रवार देर रात चार बदमाश कलायत स्थित सहारण होटल में पहुंचे। आरोपियों ने होटल मालिक रामनरेश और कर्मचारियों को पिस्टल दिखाकर डराने की कोशिश की और लूट का प्रयास किया। हालांकि होटल मालिक और स्टाफ ने साहस दिखाते हुए उनका विरोध किया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हथियार लहराते नजर आ रहे हैं।

स्कूटी सवार पर हमला कर लूटे 60 हजार

होटल से भागने के बाद आरोपी कैथल के बलराज नगर स्थित त्रिमूर्ति कांटे के पास पहुंचे। यहां उन्होंने एक स्कूटी सवार को रोक लिया। सुबह करीब साढ़े चार बजे आरोपियों ने बंदूक दिखाकर उसे धमकाया और डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया। घायल होने के बाद पीड़ित जमीन पर गिर गया, जिसके बाद आरोपी स्कूटी की डिग्गी में रखे 60 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।

शुगर मिल के पास पहली मुठभेड़

घटना की सूचना मिलते ही CIA कलायत और एंटी व्हीकल थेफ्ट (AVT) टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने शुगर मिल के पास आरोपियों को घेर लिया और आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जींद के खांडा खेड़ी निवासी साहिल और हिसार के मीरपुर निवासी अशोक उर्फ गोलू के रूप में हुई है।

दूसरी मुठभेड़ में तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार

पहली कार्रवाई के बाद पुलिस ने फरार बदमाशों की तलाश शुरू की। सुबह करीब 7 बजे ग्योंग गांव के पास दूसरी मुठभेड़ हुई। इस दौरान खांडा खेड़ी निवासी अंकित के पैर में गोली लगी और उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। चौथा आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

अन्य लूट की वारदातें भी कबूलीं

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य वारदातों का खुलासा किया है। DSP सुशील प्रकाश के मुताबिक आरोपियों ने उसी रात अग्रोहा में एक दुकान से 40 हजार रुपये की लूट की थी। इसके अलावा करीब 15 दिन पहले चंडीगढ़ में दो दुकानों से 20 हजार और 50 हजार रुपये लूटने की बात भी स्वीकार की है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Exit mobile version