हरियाणा पुलिस का ‘ड्रग फ्री हरियाणा किया शुरू…
6 करोड़ की हेरोइन के साथ अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़
हरियाणा सरकार के ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ विजन के तहत पंचकूला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई को जिले की अब तक की बड़ी सफलताओं में माना जा रहा है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में यह ऑपरेशन चलाया। टीम ने 5 अप्रैल को सेक्टर-20 स्थित कुंडी गांव के पास से 23 वर्षीय लवजोत सिंह को गिरफ्तार किया, जो जलालाबाद का रहने वाला है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चंडीगढ़ में किराए पर रहकर ट्राइसिटी (चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली) में नशे का नेटवर्क चला रहा था।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 3 किलो 89 ग्राम हेरोइन और 15 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत 6 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
