Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा पुलिस कांस्टेबल भर्ती: आज से अबसेंट अभ्यर्थियों का PMT, अलग से एडमिट कार्ड नहीं होगा जारी

हरियाणा में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के तहत PMT (शारीरिक माप परीक्षण) में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों के लिए आज से अंतिम अवसर शुरू हो गया है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 1 जून से 5 जून 2026 तक विशेष PMT आयोजित किए जाएंगे। यह मौका विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत पुरुष कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और पुरुष कांस्टेबल (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) भर्ती के उन अभ्यर्थियों को दिया गया है, जो पहले निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो सके थे।विशेष PMT पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 20 अप्रैल से 1 मई तक अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का PMT 1 जून को, 2 मई से 9 मई तक अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का 2 जून को, 11 मई से 16 मई तक अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का 3 जून को, 18 मई से 23 मई तक अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का 4 जून को तथा 25 मई से 30 मई तक अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों का PMT 5 जून को कराया जाएगा।आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को सुबह 6:30 बजे रिपोर्ट करना होगा। सुबह 10 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपना पूर्व में जारी प्रवेश पत्र और एक वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।HSSC ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस विशेष PMT के लिए कोई अलग प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा और न ही डाक या ई-मेल के माध्यम से कोई अतिरिक्त सूचना भेजी जाएगी। आयोग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई अभ्यर्थी इस अंतिम अवसर पर भी उपस्थित नहीं होता है तो उसे आगे किसी प्रकार का कोई और मौका नहीं दिया जाएगा। हरियाणा में 5500 पुलिस कांस्टेबल पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत यह अंतिम मौका अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Exit mobile version