हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए आयोजित होने वाले फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) का नया शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग ने विज्ञापन संख्या 13/2024, 01/2026, 02/2026 और 04/2026 के तहत शॉर्टलिस्ट किए गए पुरुष अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया है।
आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार PMT का आयोजन 22 जून से 27 जून 2026 तक विभिन्न बैचों में किया जाएगा। यह कार्यक्रम 17 अप्रैल, 10 जून और 15 जून 2026 को जारी सार्वजनिक सूचनाओं की निरंतरता में जारी किया गया है।
HSSC ने अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रथम बैच के लिए सुबह 7 बजे, दूसरे बैच के लिए सुबह 9 बजे, तीसरे बैच के लिए सुबह 11 बजे और चौथे बैच के लिए दोपहर 1 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
आयोग ने कहा है कि प्रवेश समय समाप्त होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में उम्मीदवार अपने दस्तावेजों और आवश्यक तैयारियों के साथ समय से पहले केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें। PMT से जुड़ी विस्तृत जानकारी और शेड्यूल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है
एचएसएससी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा उपलब्ध कराए गए डेटा के आधार पर कुछ मामलों में पहचान संबंधी विसंगतियां पाई गई थीं। ऐसे अभ्यर्थियों की सूची पहले ही अनुबंध-बी (Annexure-B) के रूप में जारी की जा चुकी है। आयोग ने इन अभ्यर्थियों के लिए भी अलग से पीएमटी कार्यक्रम निर्धारित किया है।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपने रजिस्ट्रेशन नंबर के अनुसार निर्धारित तिथि और बैच की जांच करने और समय पर रिपोर्ट करने की अपील की है। साथ ही आवश्यक दस्तावेज और पहचान पत्र साथ लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड आधिकारिक लिंक के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने सलाह दी है कि उम्मीदवार समय से पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सभी निर्देशों का पालन करें। HSSC ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही रिपोर्ट करें और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए दिशा-निर्देशों का पालन करें।
