उत्तराखंड में 28 जनवरी से 14 फरवरी तक होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए पूर्व सहकारिता मंत्री श्री मनीष कुमार ग्रोवर को हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के प्रशासक और जस्टिस श्री एचएस भल्ला ने लगातार तीसरी बार हरियाणा दल का प्रमुख सीडीएम बनाया है। पूर्व मंत्री ग्रोवर के नेतृत्व में करीब 1000 खिलाड़ियों व कोच हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे पहले, गोवा और गुजरात में हुए राष्ट्रीय खेलों में भी पूर्व मंत्री को हरियाणा दल का प्रमुख बनाया गया था। उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था।
हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के प्रशासक भल्ला ने पूर्व विधायक असीम गोयल, पूर्व विधायक सुभाष सुधा व सनी ढुल को डिप्टी सीडीएम नियुक्त किया है वहीं, राजपाल सिंह अहलूवालिया और संदीप पाराशर को कंटिजेंट असिस्टेंट नियुक्त किया है। साल 2023 में गोवा में हुए राष्ट्रीय खेलों में हरियाणा ने 62 स्वर्ण, 54 रजत और 73 कांस्य के साथ तीसरा स्थान हासिल किया था। इस बार हरियाणा के खिलाड़ी पहले की तुलना में ज्यादा मेहनत कर रहे हैं। हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के प्रशासक की ओर से नियुक्ति की जाने के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से लेकर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के हर खेल में हरियाणा का दबदबा लगातार बढ़ रहा है। उत्तराखंड में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के लिए सभी खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर रहे हैं और पूरी आशा है कि इस बार पहले की तुलना में ज्यादा मैडल हरियाणा को प्राप्त होंगे। केंद्र सरकार की खेल नीति और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सरकार खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही है। राज्य सरकार इनामो की राशि बढ़ाने, नए कोच भर्ती करने, नए स्टेडियम बनाने, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को ओर मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सभी खिलाड़ियों, सभी कोचों व खेल संघों के तमाम पदाधिकारियों के मजबूत सहयोग के साथ हरियाणा को खेलों के क्षेत्र में ओर अग्रणी बनाएंगे।
पूर्व मंत्री ग्रोवर के नेतृत्व में प्रतिभा दिखाएंगे हरियाणा के खिलाड़ी: हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन ने लगातार तीसरी बार ग्रोवर को बनाया हरियाणा दल का प्रमुख CDM

