हरियाणा में फिर से मौसम करवट लेगा। चंडीगढ़ मौसम विभाग ने हालातों को देखते हुए दो दिनों का अलर्ट जारी किया है। 29 जनवरी को राज्य के 14 जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। वहीं 30 जनवरी को नौ जिलों में भी हालात खराब रहने वाले हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में भी चमक के साथ ओले गिरने की संभावना जताई है।
29 जनवरी को साउथ-ईस्ट हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और वेस्ट-साउथ हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखीदादरी में ओलावृष्टि की संभावना है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। पंचकूला, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक में गरज और चमक की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।
30 जनवरी को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत में ओलावृष्टि होने की संभावना है। अन्य जिलों में गरज और चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। 31 से राज्य में मौसम सामान्य होने की संभावना है।
हरियाणा में अगले दो दिन में होने वाले मौसम के बदलाव को देखते हुए किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। बारिश से गेहूं और अन्य फसलों को काफी फायदा होगा। अभी कुछ दिनों पहले रात को पड़ने वाले पाले से सरसों की फसल को काफी नुकसान हुआ है। मौसम में आए बदलाव से फसलों को पाले से बचाव में मदद मिलेगी।
पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी एवं केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस और हिसार में न्यूनतम तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के करनाल, नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में पारा क्रमश: 4.2 डिग्री, 3.6 डिग्री, छह डिग्री, 6.6 डिग्री और तीन डिग्री तक लुढ़क गया।

