5 हजार करोड़ रुपए के कथित नकली दवा घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने हरियाणा कैडर के 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है। गहलावत वर्तमान में हरियाणा के नागरिक उड्डयन विभाग में महानिदेशक (DG) के पद पर तैनात हैं। CBI का आरोप है कि उन्होंने घोटाले के मुख्य आरोपी को जांच में राहत दिलाने के नाम पर 3 करोड़ रुपए की रिश्वत की डील की थी।
CBI के अनुसार, इस मामले में पहले दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह और दो निजी व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। अब जांच के दौरान आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत की कथित भूमिका सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
क्या है 5 हजार करोड़ का नकली दवा घोटाला?
साल 2025 में पुडुचेरी में पुलिस और CBI-CID की संयुक्त कार्रवाई में नकली और मिलावटी दवाइयां बनाने वाले बड़े रैकेट का खुलासा हुआ था। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली दवाइयां और कच्चा माल बरामद किया गया। जांच में बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 5 हजार करोड़ रुपए आंकी गई। इसके बाद मुख्य आरोपी एन. राजा उर्फ वल्लियाप्पन को गिरफ्तार किया गया और मामले की जांच CBI को सौंप दी गई।
ऐसे सामने आया IPS का नाम
CBI के मुताबिक, 14 मई को दिल्ली में आरोपियों और कुछ अधिकारियों के बीच बैठक हुई थी। इसमें दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह और राजकुमार ने मुख्य आरोपी एन. राजा से CBI जांच में राहत दिलाने के बदले 3 करोड़ रुपए की मांग की। आरोप है कि 1.5 करोड़ रुपए एडवांस देने पर सहमति बनी और बाद में हवाला के जरिए 1 करोड़ रुपए दिल्ली पहुंचाए गए।
जांच एजेंसी का दावा है कि यह रकम प्रभात नाम के व्यक्ति तक पहुंची, जो आईपीएस दीपक गहलावत का करीबी बताया जा रहा है। इसी कड़ी की जांच के बाद CBI ने गहलावत के खिलाफ कार्रवाई की।
छापेमारी में मिला कैश
CBI की छापेमारी के दौरान दिल्ली पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह और राजकुमार के ठिकानों से 25 लाख रुपए नकद बरामद हुए। इसके अलावा करीब 90 लाख रुपए की नकदी और कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए। जांच एजेंसी अब यह पता लगा रही है कि जांच को प्रभावित करने और आरोपियों को बचाने की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
सोनीपत के रहने वाले हैं दीपक गहलावत
दीपक गहलावत हरियाणा के सोनीपत जिले के निजामपुर माजरा गांव के निवासी हैं। उनके पिता हरियाणा पुलिस से सब-इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता पीजीआई रोहतक में एएनएम रह चुकी हैं।
नोट: CBI ने दीपक गहलावत को गिरफ्तार किया है और उन पर रिश्वतखोरी व जांच प्रभावित करने के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम निर्णय अदालत में सुनवाई के बाद ही होगा।
