Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा कोल्ड वेब की चपेट में: घने कोहरे के चलते 10 जिले रेड जोन में; गाइडलाईन जारी- कई जिलों में विजिबिलिटी 10 मीटर

पहाड़ों से चलने वाली उत्तर पश्चिमी हवाओं से हरियाणा कोल्ड वेब की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में घने कोहरे को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 10 मीटर तक विजिबिलिटी पहुंच गई है। अगले 4-5 दिनों के दौरान हरियाणा में मुख्य रूप से शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। यही कारण है कि अगले 4-5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन दिन में ठिठुरन बढ़ेगी।

कोहरे के कारण अंबाला में 10 मीटर, चंडीगढ़ में 15, सिरसा में 50 और करनाल में 60 मीटर विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई। सुबह साढ़े 8 बजे तक भी कोहरा नहीं छंटा है। लोगों को दिन चर्या के कामों में परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार नव वर्ष तक हरियाणा में मौसम इसी प्रकार खराब रहेगा। कोहरे से अभी राहत नहीं मिलने वाली है।

10 घंटे में तीन बार अलर्ट जारी

हरियाणा में कोहरा इन दिनों मुसीबत बना हुआ है। लोगों की परेशानी और सड़क पर चलने वाले वाहनों की सुरक्षा को देखते हुए चंडीगढ़ मौसम विभाग की ओर से घने कोहरे को लेकर 10 घंटे में तीन बार अलर्ट जारी किया गया। पहला अलर्ट देर रात 9.03 मिनट पर जारी किया गया। इसके बाद दूसरा अलर्ट 12.01 मिनट पर जारी हुआ। तीसरा और आखिरी अलर्ट तड़के सुबह जारी किया गया।

हरियाणा में कोहरे के कारण सड़क पर रोड एक्सीडेंट की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी होती है। एक अनुमान के मुताबिक राज्य में 35% तक रोड एक्सीडेंट होते हैं।

कोल्ड वेब के ये होंगे प्रभाव

कोल्ड वेब में हरियाणा में फ्लू जैसी विभिन्न बीमारियों की संभावना बढ़ जाती है, इनमें जुकाम, नाक से खून आना आमतौर पर शुरू हो जाता है। लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने से समस्या बढ़ जाती है। यदि शरीर में कंपकंपी बढ़ती है तो यह पहला संकेत है कि शरीर की गर्मी कम हो रही है, शीघ्र ही घर में रूककर आराम करना चाहिए।

इसके साथ ही लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने के कारण त्वचा पीली, कठोर और सुन्न हो जाती है, शरीर के खुले अंगों पर काले छाले दिखाई देने लगते हैं, ऐसे में तुरंत चिकित्सकीय परीक्षण लेना चाहिए।

मौसम विभाग ने ये जारी की गाइड लाइन

कोल्ड वेब को लेकर मौसम विभाग ने गाइड लाइन जारी की है, जिसमें सलाह दी गई है कि इस समय लोग अपनी स्किन को नियमित रूप से तेल, क्रीम से मॉइस्चराइज़ करें। विटामिन-सी युक्त फल और सब्जियां खाएं और उनका जूस पिएं। घर से बेवजह जाने से बचें। अपने शरीर को सूखा रखें, गीला होने पर तुरंत कपड़ा बदल लें। जिस चीज से शरीर की गर्मी को नुकसान पहुंचे, उसे तुरंत रोकें।

वॉटरप्रूफ जूते पहनें। शरीर के जिस हिस्से में ठंड लग गई हो उसे धीरे-धीरे गर्म करें। ठंड से बचने बचने के लिए हीटर का उपयोग करते समय वेंटिलेशन बनाए रखें।

Exit mobile version