उत्तर-पश्चिम से हरियाणा की तरफ आ रही पहाड़ी हवाओं के कारण राज्य छठे दिन भी शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। हालांकि धूप खिलने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है।
रात के न्यूनतम तापमान में औसतन 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद भी यह सामान्य से 2 डिग्री कम है। पानीपत में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री बढ़कर 10.4 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार में सबसे कम तापमान 1.7, सोनीपत में 2 और नारनौल में 3.8 डिग्री दर्ज किया गया।
हिसार में लगातार तीसरे दिन पारा 2 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में 14 और 15 दिसंबर को शीतलहर का यलो अलर्ट भी जारी किया है। दिन में धूप खिलने से लोगों को सर्दी से राहत मिलेगी।
हरियाणा में बढ़ती शीतलहर को देखते हुए चंडीगढ़ समेत 17 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह (मेवात) और पलवल शामिल हैं।
इन जिलों में 10 से 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी, कुछ जगहों पर बादल छाने के भी आसार हैं। इन दिनों प्रदेश में चल रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण प्रदूषण के स्तर में भी सुधार हुआ है। पिछले कुछ दिनों से एक्यूआई 200 से नीचे आ गया है। पंचकूला समेत 5 जिले ऐसे हैं, जहां हवा थोड़ी खराब बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञ चंद्रमोहन ने बताया, पश्चिमी उत्तरी बर्फीली हवाओं के कारण हरियाणा में ठंड बढ़ गई है। हालांकि, आठ से दस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के कारण धुंध और कोहरा नहीं है। आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम रहने की उम्मीद है।
मौसम में कुछ बदलाव 16 दिसंबर के बाद ही देखने को मिलेगा। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। हालांकि, मौसम साफ होने के बाद भी पहाड़ों से आने वाली हवाओं के कारण आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

