Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के अस्पताल हाई अलर्ट पर:डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द, मेडिकल अफसरों को मुख्यालय न छोड़ने का आदेश, 15 हजार बेड रिजर्व

पहलगाम हमले के बाद भारत की ओर से “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत की गई एयर स्ट्राइक के बाद से भारत-पाक के बीच तनाव अपने चरम पर है। पाकिस्तान तीन दिन से लगातार राजस्थान, पंजाब और गुजरात की सीमाओं पर ड्रोन हमले कर रहा है। शुक्रवार को हरियाणा के अंबाला से करीब 70 किलोमीटर दूर ड्रोन भी दिखाई दिए। इसके बाद से ही हरियाणा सरकार भी अलर्ट मोड पर आ चुकी है।
वर्तमान हालातों को देखते हुए ही सरकार ने राज्य के सभी जिलों में हेल्थ डिपार्टमेंट को आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। सभी की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई हैं। जो डॉक्टर या कर्मचारी लीव पर चल रहे हैं, उन्हें भी तुरंत ड्यूटी पर लौटने के आदेश दिए गए हैं।

आंकड़ों की मानें तो हरियाणा के 22 जिलों में रोहतक पीजीआई सहित सरकारी अस्पतालों में करीब 18 हजार से ज्यादा बेड की व्यवस्था है। इसके अलावा गुरुग्राम के मेदांता सहित छोटे-बड़े प्राइवेट अस्पतालों में करीब 40 हजार बेड उपलब्ध हैं। इस तरह से सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में करीब 58 हजार बेड उपलब्ध हैं, जिनमें से सरकार ने 25% यानि 15 हजार बेड को रिजर्व रखने के निर्देश दिए हैं।

रोहतक : आपातकाल विभाग के 6 नंबर कमरे में 20 बेड रिजर्व रोहतक पीजीआईएमएस में इमरजेंसी के 65 बेड और ट्रॉमा सेंटर के 120 बेड आपात स्थिति के लिए मार्क हैं। इसके अलावा, यदि कोई बड़ी घटना होती है तो आपातकाल विभाग के 6 नंबर कमरे में 20 बेड रिजर्व हैं। पर्याप्त मात्रा में ब्लड की यूनिट उपलब्ध हैं, जिसमें 900 से अधिक ब्लड यूनिट स्टोर किए गए हैं। सेंट्रल स्टोर में 750 से अधिक प्रकार के मरीज के इलाज में प्रयोग होने वाले मेडिकल उपकरण और दवाइयां उपलब्ध हैं। इसके अलावा, पीजीआईएमएस ऑक्सीजन के मामले में भी पूरी तरह से आत्मनिर्भर है और 40000 लीटर लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन स्टोरेज टैंक भी संस्थान के पास उपलब्ध हैं।

Exit mobile version