Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नौतपा से पहले तपने लगा हरियाणा: पारा 46.2°C पहुंचा, 16 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट

हरियाणा में राजस्थान से आनी वाली गर्म हवाओं के थपेड़ों से पारा अचानक चढ़ गया है। राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान औसत अधिकतम तापमान में 1.9°C की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, यह सामान्य से 2.9°C ऊपर पहुंच गया है।

नौतपा 25 मई से शुरू हो रहा है। ऐसे में उससे पहले ही गर्मी एकाएक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आज (मंगलवार, 19 मई) को राज्य के 16 जिलों के लिए लू (हीटवेव) चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में धूलभरी गर्म हवाएं चलने और भीषण गर्मी से लोगों को सावधान रहने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म इलाका सिरसा रहा, जहां पारा रिकॉर्ड 46.2°C तक जा पहुंचा। इसके अलावा रोहतक में 45.2°C, हिसार में 44.4°C और नारनौल में 44.3°C तापमान दर्ज किया गया, जिसने मई के महीने में ही लोगों को जून जैसी झुलसाने वाली गर्मी का अहसास करा दिया है

राज्य में अधिकतम तापमान में 1.9°C की वृद्धि के साथ ही गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है। सिरसा में सबसे ज्यादा 46.2°C तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद रोहतक 45.2°C, हिसार 44.4°C, नारनौल 44.3°C और भिवानी 44.0°C के साथ भीषण लू की चपेट में रहे। अंबाला में भी पारा 43.0°C पर पहुंच गया जो सामान्य से 4.1°C अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश नहीं होने से शुष्क गर्मी और बढ़ेगी।

दिन की तपिश के साथ ही हरियाणा में रातें भी गर्म होने लगी हैं। पिछले 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 0.7°C की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। अंबाला में न्यूनतम तापमान सबसे अधिक 28.7°C रहा, जो सामान्य से 4.3°C ज्यादा है। हालांकि, इस भीषण गर्मी के बीच राहत की बात यह रही कि राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान सोनीपत में 21.0°C रिकॉर्ड किया गया।

Exit mobile version