Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा ग्रुप-डी CET एग्जाम रिजल्ट जारी:8.5 लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा; अगले सप्ताह 13557 पदों पर भर्ती करेगा HSSC

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप-D (CET) की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा परिणाम HSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। ग्रुप डी का एग्जाम 21 और 22 अक्टूबर को हुआ था। इसमें 8.5 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। हालांकि, पूरे प्रदेश से 13.75 लाख उम्मीदवारों ने टेस्ट के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था।

इनमें से 13557 पदों पर आयोग भर्ती करेगा। अगले सप्ताह इन पदों के लिए आयोग विज्ञापन निकालेगा। अभ्यर्थियों की बोर्ड, विभाग और निगमों में भर्ती की जाएगी।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग तीन गुना यानी करीब 40 हजार अभ्यर्थियों से विकल्प पूछेगा कि वह किस ग्रुप की नौकरी करना चाहते हैं। अगर चाहते हैं तो वह किस विभाग में ग्रुप डी के किस पद पर काम चाहते हैं। इसके लिए आयोग ने बकायदा पोर्टल तैयार कराया है और यह सारा कार्य ऑनलाइन होगा। संभावना है कि अगले सप्ताह आयोग द्वारा इसको लेकर पोर्टल जारी कर दिया जाए।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कुरुक्षेत्र में युवा दिवस के मौके पर शुक्रवार को इसको लेकर घोषणा कर दी थी। सीएम ने ऐलान किया था कि ये नौकरियां बिना इंटरव्यू के की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि 1.80 लाख आय वाले अभ्यर्थियों के लिए सरकार विशेष रूप से मिशन 60 हजार शुरू करने जा रही है। लोकसभा चुनाव से पहले पहले इस पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

HSSC अध्यक्ष भोपाल सिंह खदरी ने बताया कि योग्यता के आधार पर राज्य सरकार के कॉमन कैडर में 13104 पद तथा राज्य के विभिन्न बोर्ड एवं निगमों के लिए 553 पदों सहित कुल 13,657 पदों पर पात्र उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। जिसमें सामान्य श्रेणी के 5875 पद, अनुसूचित जाति के 2730 पद, बीसी-ए के लिए 2183 पद, बीसी-बी के 1504 पद तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1365 पद हैं।

CET परिणाम में शामिल उम्मीदवारों की इच्छा जानने के लिए एचएसएससी द्वारा कुछ दिनों में विज्ञापन जारी किए जाने की उम्मीद है और पोर्टल अगले सप्ताह खुलने की संभावना है।

Exit mobile version