हरियाणा सरकार ने पुलिस की इमरजेंसी सेवा डायल 112 को अधिक प्रभावी व जन उपयोगी बनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार इस सेवा में कई नई सुविधाएं जोड़ने जा रही हैं। ये बदलाव एक नवंबर हरियाणा दिवस पर लागू हो जाने की संभावना है। इसके तहत यदि सफर में आपकी गाड़ी खराब हो गई अथवा दुर्घटनाग्रस्त हो गई तो 112 नंबर डायल करने पर पुलिस की इनोवा गाड़ी आपको और आपके परिवार को घर छोड़कर आएगी।
प्रदेश सरकार ने पिछले साल 12 जुलाई को डायल 112 सेवा की शुरुआत की थी। इस सेवा के तहत 112 नंबर डायल करने पर पुलिस की गाड़ी आपके पास 10 से 20 मिनट के भीतर पहुंच जाएगी और अपराध की प्रवृत्ति के हिसाब से कार्रवाई करेगी। पुलिस के पास अभी तक तक डायल 112 सेवा पर जितनी शिकायतें आई हैं, उनमें गैर उपयोगी और फेक होने का प्रतिशत बहुत कम यानी तीन है।
राज्य सरकार इस प्रतिशत को भी खत्म करने की योजना बना रही है। इसके तहत यदि कोई व्यक्ति फेक या बोगस सूचनाएं देगा अथवा डायल 112 का दुरुपयोग करेगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई का प्रविधान किया जाने वाला है। हरियाणा के एडीजीपी एएस चावला डायल 112 के प्रोजेक्ट आफिसर हैं। उनके इस काम की तारीफ सरकार कर चुकी है।
डायल 112 में किए जाने वाले बदलाव को लेकर उनकी गृह मंत्री अनिल विज से चर्चा हो चुकी है। नई व्यवस्था के अनुसार डायल 112 पर सूचना आने के बाद कोई भी पुलिस अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र, सीमा अथवा थाने की सीमा का बहाना नहीं बनाएगा। उसे तुरंत जरूरतमंद को सहायता मुहैया करानी होगी।
डायल-112 की गाड़ियों को हाईवे पर बिना किसी काल के 70 से अधिक स्पीड पर नहीं भगा सकेंगे। अपराधियों का पीछा करने पर ही सौ की स्पीड में गाड़ी चलाने की अनुमति होगी। बेवजह सौ की स्पीड से चलने पर गाड़ियों में अलार्म बजना शुरू हो जाएगा। गाड़ी में लगे स्पीकर में यह संदेश आएगा कि बिना किसी काम के इतनी तेजी से आप गाड़ी क्यों चला रहे हैं।

