Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

BREAKING: हरियाणा सरकार यूट्यूब चैनलों पर लगाएगी पाबंदियां: CM सैनी का निर्देश- SOP बनाओ, ज्योति जैसे पाकिस्तान से लिंक यूट्यूबरों का डेटा निकालो

हरियाणा में लगातार पकड़े जा रहे पाकिस्तानी जासूसों के मामलों को देखते हुए मंगलवार को CM नायब सैनी ने प्रदेश के यूट्यूबरों पर पाबंदियां लगाने के निर्देश दिए हैं। लॉ एंड ऑर्डर को लेकर चंडीगढ़ में होम और पुलिस डिपार्टमेंट के साथ हुई रिव्यू मीटिंग में CM ने SOP (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) बनाने के निर्देश दिए।

मीटिंग में CM सैनी ने प्रदेश की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का केस सामने आने के बाद पाकिस्तान समर्थित या पाकिस्तान से लिंक्ड यूट्यूब चैनलों पर कड़ी नजर रखने और उनका डेटा खंगालने के निर्देश दिए हैं। मीटिंग में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा भी मौजूद रहीं।

मीटिंग के बाद हरियाणा की गृह सचिव सुमिता मिश्रा ने बताया कि आज कानून व्यवस्था को लेकर CM नायब सैनी ने बैठक की है। प्रदेश की सुरक्षा को लेकर बड़ी गहनता के साथ चर्चा हुई है। मीटिंग में यह भी तय किया गया है कि जिले में SP और DC के बीच तालमेल होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही दोनों अधिकारी जिले की मिलकर कानून व्यवस्था को संभालने के लिए बराबर-बराबर जिम्मेदार हैं।उन्होंने बताया कि प्रदेश में पाकिस्तान समर्थित ऑपरेटिव को लेकर भी चर्चा हुई है। यह कार्रवाई खत्म नहीं हुई है, चलती रहेगी।

होम सेक्रेटरी डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि हरियाणा में और भी जो यूट्यूब चैनल हैं, उनके रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए स्पेशल सेल बने हुए हैं, जिनके जरिए सरकार लगातार नजर रखे हुए हैं। जिसके भी पाकिस्तान से लिंक हैं, स्लीपर सेल है, उस पर लगातार एक्शन जारी है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई मॉक ड्रिल और दूसरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा में जो कमियां मिली थीं, उन्हें सरकार दूर करने का प्रयास कर रही है।

हाल ही में हिसार से पकड़ी गई पाकिस्तानी जासूस यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर होम सेक्रेटरी ने बताया कि यह कोई इंटेलिजेंस फेलियर नहीं था। भारत में प्रजातंत्र है। सभी को कही भी आने-जाने की आजादी है। वह भी लीगल डॉक्यूमेंट पर यात्रा कर रही थी। कुछ चीजें समय के साथ सामने आती हैं। इसके अलावा हम हरियाणा के लोकल कलाकारों के साथ बैठक करने जा रहे हैं, ताकि वे पॉजिटिव चीज बनाएं।

Exit mobile version