Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में राजकीय स्कूलों का रिजल्ट कल:ईद के कारण परिणाम एक दिन लेट; साथ में स्टूडेंट्स को मिलेंगी बुक्स, तैयारी पूरी

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में मंगलवार 1 अप्रैल को वार्षिक परीक्षाओं के परिणाम घोषित होंगे। इसको लेकर स्कूलों की तरफ से तैयारियां भी कर रखी है। ईद की छुट्‌टी के कारण इस बार रिजल्ट एक दिन लेट आ रहा है। खास बात है कि पास हुए बच्चों को अगली क्लास की किताबें भी मंगलवार को ही मिलने लगेंगी।

बता दें कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 के दौरान कक्षा पहली से लेकर 9वीं तक तथा 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम घोषित किया जाना है। सामान्यतः: विद्यालयों द्वारा 31 मार्च को परीक्षा परिणाम घोषित किया जाता रहा है। लेकिन अब ईद की छुट्‌टी होने के कारण 1 अप्रैल को परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा।

विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने इस बार ड्राप आउट को रोकने के लिए भी विद्यालयों को सख्त निर्देश दिए हैं। इसके लिए रिजल्ट जारी होने के बाद एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वहीं रिजल्ट के बाद अगली कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को पुस्तकें वितरित करने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।

ताकि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े। साथ ही वे विद्यार्थी अपनी अगली कक्षा की पढ़ाई भी सुचारू कर पाएं।

बता दें कि 10वीं व 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम अभी नहीं आएगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम 15 अप्रैल तक आने की संभावना है। वहीं सीबीएससी से संबंधित बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट बाद में जारी किया जाएगा।

Exit mobile version