Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा सरकार श्रमिकों पर मेहरबान; बेटियों को शादी से पहले मिलेगा शगुन

हरियाणा के श्रमिकों के कल्याणार्थ चलाई जा रही योजनाओं का लाभ देने के लिए आज सरकार द्वारा जींद में राज्य स्तरीय श्रमिक जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह ने 18 योजनाओं के तहत 102629 श्रमिकों को ₹79.69 करोड़ के लाभ की राशि जारी की।


आज जारी किए गए लाभों में 42,166 महिलाओं के खातों में सिलाई मशीन के लिए 15 करोड़ 7 लाख रुपये, साईकिल योजना के तहत 19,925 श्रमिकों को 9.95 करोड़ रुपये, औजार खरीदने के लिए 19,880 श्रमिकों को 15.90 करोड़ रुपये जारी किए गए। वहीं पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए 3068 बच्चों को 2.96 करोड़ रुपये और इलेक्ट्रिक स्कूटर योजना के तहत ई-स्कूटर की खरीद के लिए 1446 बच्चों को 7.23 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके खातों में डाली गई है।


इसी प्रकार, बेटी की शादी के लिए वित्तीय सहायता और कन्यादान योजना के तहत आज 1206 श्रमिकों के खातों में 12.18 करोड़ रुपये, पंजीकृत श्रमिक के मेधावी बच्चों के लिए छात्रवृत्ति योजना के तहत 379 बच्चों को 1.25 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके खातों में डाली गई है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने दो नई योजनाओं नामतः मुख्यमंत्री श्रमिक पंजीकरण प्रोत्साहन योजना और कन्यादान एवं विवाह सहायता योजना की भी शुरुआत की। मुख्यमंत्री श्रमिक पंजीकरण प्रोत्साहन योजना के तहत अब निर्माण श्रमिकों को पंजीकरण करने पर 1100 रुपये की राशि प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी। साथ ही, कन्यादान एवं विवाह सहायता योजना के तहत श्रमिकों को उनकी बेटियों की शादी के लिए 1 लाख 1 हजार रुपये की राशि दी जाएगी, जिसमें से 75 प्रतिशत राशि विवाह के तीन दिन पूर्व मिलेगी।

Exit mobile version