Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा स्ट्रेस मैनेजमेंट का ऑनलाइन प्रशिक्षण, iGOT पोर्टल पर 7 कोर्स उपलब्ध

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को तनावमुक्त रखने तथा उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए नई पहल की है। अब ग्रुप-ए, बी और सी श्रेणी के सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योग, ध्यान और तनाव प्रबंधन का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर आर्ट ऑफ लिविंग के विशेष मॉड्यूल उपलब्ध कराए गए हैं।

मुख्य सचिव कार्यालय के प्रशिक्षण विभाग ने इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों को निर्देश जारी किए हैं। सभी विभागाध्यक्षों और जिला अधिकारियों को अपने अधीन आने वाले कर्मचारियों को इन कोर्स से जोड़ने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। ये मॉड्यूल कर्मचारियों के लिए निशुल्क उपलब्ध होंगे।

iGOT कर्मयोगी और आर्ट ऑफ लिविंग के बीच समझौता

आर्ट ऑफ लिविंग (गवर्नमेंट प्रोग्राम्स) के नेशनल डायरेक्टर रोहन जैन की ओर से हरियाणा सरकार को भेजे गए पत्र के बाद यह पहल शुरू की गई है। संगठन ने केंद्र सरकार के iGOT कर्मयोगी भारत प्लेटफॉर्म के साथ समझौता किया है।

इसके तहत अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता, व्यवहारिक दक्षता तथा मानसिक संतुलन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विशेष ऑनलाइन प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार किए गए हैं।

पोर्टल पर उपलब्ध हैं ये प्रमुख कोर्स

1. 7 डे योग जर्नी फॉर होलिस्टिक वेलबीइंग: 7 घंटे 24 मिनट का यह कोर्स हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। इसमें रीढ़ और पीठ की देखभाल, पाचन स्वास्थ्य, मेटाबॉलिज्म, वजन प्रबंधन, सही पोस्चर और शारीरिक सहनशक्ति बढ़ाने से जुड़े अभ्यास शामिल हैं।

2. 7 डे मेडिटेशन जर्नी फॉर मेंटल वेलबीइंग: 5 घंटे 3 मिनट के इस कोर्स में प्राणायाम और ध्यान की तकनीकें सिखाई जाती हैं। इसका उद्देश्य सांस, मन और भावनाओं को बेहतर तरीके से समझने तथा मानसिक शांति विकसित करने में मदद करना है।

3. कम्प्लीट जर्नी टू स्ट्रेस मैनेजमेंट: 6 घंटे 8 मिनट का यह 10 दिवसीय चैलेंज है। इसमें प्रतिदिन अलग-अलग प्राणायाम और ध्यान अभ्यास शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 2.70 लाख से अधिक लोग इसे पूरा कर चुके हैं।

4. योग फॉर एक्सीलेंस: 9 घंटे 25 मिनट का यह 16 दिवसीय योग चैलेंज है। इसमें शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न अभ्यास शामिल किए गए हैं।

5. तनाव मुक्त होने के प्रभावी तरीके: 2 घंटे 30 मिनट का यह कोर्स हिंदी भाषा में उपलब्ध है। जानकारी के मुताबिक, 3 लाख से अधिक कर्मचारी इसे पूरा कर चुके हैं।

6. सेल्फ लीडरशिप: 1 घंटे 26 मिनट का यह कोर्स अधिकारियों और कर्मचारियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

सभी जिलों और विभागों को जारी किए निर्देश

हरियाणा सरकार ने सभी विभागाध्यक्षों और जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीन आने वाले ग्रुप-ए, बी और सी श्रेणी के कर्मचारियों को इन ऑनलाइन कोर्स से जोड़ें और प्रशिक्षण पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करें।

इस पहल के लिए समन्वय की जिम्मेदारी आर्ट ऑफ लिविंग के हरियाणा स्टेट डायरेक्टर सुमित छाबड़ा को नोडल अधिकारी के रूप में दी गई है। सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण देने के साथ उनकी व्यक्तिगत और पेशेवर दक्षता को भी मजबूत करना है।

Exit mobile version