Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में गर्मी का डबल अटैक: दिन में लू, रातें भी तप रही; 2 दिन बूंदाबांदी के आसार, सिरसा सबसे गर्म शहर

हरियाणा में शुक्रवार को औसत न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह अब भी सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान रोहतक में 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सिरसा में रात का तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग और चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम परिवर्तनशील रहने के बाद फिर से गर्मी तेज होने की संभावना है।

नारनौल में न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री, हिसार में 28.6 डिग्री और अंबाला में 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार रात के तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।

गुरुवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक बना हुआ है। जिस कारण लोगों का गर्मी से हाल बेहाल हो रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 22 मई की रात और 23 मई को पश्चिमी विक्षोभ तथा राजस्थान के ऊपर बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन के आंशिक प्रभाव से प्रदेश में आंशिक बादलवाही, धूलभरी हवाएं और कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

हालांकि, 24 मई से 27 मई तक प्रदेश में मौसम फिर से शुष्क और अत्यधिक गर्म रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन दिनों कई स्थानों पर हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 22 से 23 मई के बीच भी कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 45.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में 45.5 डिग्री, हिसार में 44.3 डिग्री, अंबाला में 44.2 डिग्री और नारनौल में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

बढ़ती गर्मी की वजह से कूलर, पंखे व एसी भी ज्यादा चलने लगे हैं। जिसके कारण बिजली डिमांड भी बढ़ गई है। पिछले एक सप्ताह में बिजली की डिमांड बढ़कर 26 करोड़ यूनिट से ज्यादा हो गई है। जो पिछले हफ्ते से साढ़े 4 करोड़ यूनिट ज्यादा है

Exit mobile version