Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पुरानी पेंशन बहाली व अन्य मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सोंपेगा हरियाणा कर्मचारी महासंघ; रोडवेज कर्मचारी भी होंगे शामिल

रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा संबंधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ की रोहतक डिपो कमेटी एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक यूनियन के डिपो प्रधान सुरेश नेहरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन डिपो सचिव जयप्रकाश द्वारा किया गया। मुख्य वक्ता के तौर पर हरियाणा कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान जोगेंद्र बल्हारा व रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा के उप महासचिव दीपक बल्हारा ने कर्मचारियों को संबोधित किया।

डिपो प्रधान सुरेश नेहरा

डिपो प्रधान सुरेश नेहरा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार अपने चहेते पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी विभागों का लगातार निजीकरण कर रही है विभागों में लाखों पद रिक्त पड़े हैं मगर उन पदों पर स्थायी भर्ती न करके हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से अस्थाई रोजगार देकर प्रदेश के लाखों बेरोजगारों के श्रम का शोषण किया जा रहा है। समान पद पर कार्य करने वाले सरकारी एवं निगम के कर्मचारी के वेतन एवं सेवा नियमों में भारी अंतर है।

प्रदेश सरकार हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग कर इस तरह के शोषण को बंद करें और निगम के साथ-साथ आउटसोर्सिंग ,ठेके,पे-रोल आदि पर भर्ती किए गए तमाम तरह के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करें और जब तक इन्हें पक्का नहीं किया जाता उन्हें स्थाई कर्मचारियों के समान वेतनमान व अन्य लाभ दे।

डिपो प्रधान ने मौजूदा समय की कर्मचारियों की सबसे गंभीर समस्या पुरानी पेंशन बहाली पर कहा कि आज के समय में कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाली जीवन मरण का प्रश्न बन चुकी है। एनपीएस में कर्मचारियों को अपना भविष्य अंधकार में नजर आ रहा है। प्रदेश ही नहीं देशभर में पुरानी पेंशन बहाली के लिए बड़े स्तर पर आंदोलन चल रहे हैं और इस मुद्दे पर जिस भी प्रदेश की सरकार ने हठधर्मिता अपनाई है वहां की सरकार को सत्ता से हाथ धोना पड़ा है।

प्रदेश की वर्तमान सरकार समय रहते कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली के साथ-साथ हरियाणा कर्मचारी महासंघ के मांग पत्र में शामिल तमाम मांगों को पूरा करें अन्यथा प्रदेश का कर्मचारी हरियाणा कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर बड़े से बड़ा आंदोलन करने से गुरेज नहीं करेगा और रोडवेज कर्मचारी यूनियन हरियाणा उन आंदोलनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी लेगी।

हरियाणा कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान जोगिंदर बल्हारा को आश्वस्त करते हुए डिपो प्रधान ने कहा कि 9 जनवरी को रोडवेज विभाग से सैकड़ों कर्मचारी माननीय मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने उपायुक्त कार्यालय पर पहुंचेंगे।

बैठक में राजकुमार,सुरेन्द्र महम खेडी,युद्धवीर दांगी, संदीप हुड्डा, कृष्ण हुड्डा, उमेद सिवाच, काला चिड़ी, नवीन मोटा, राहुल कथूरा, विनोद सोना, सहित अनेक पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

Exit mobile version